इटली में महिलाओं की बढ़ती हत्याएं बनी चिंता का विषय, सांस्कृतिक क्रांति की उठी मांग
इटली में हाल ही में दो छात्राओं की चाकू से हत्या के बाद देशभर में आक्रोश फैल गया है और महिलाओं के खिलाफ हिंसा को रोकने के लिए “सांस्कृतिक क्रांति” की मांग तेज हो गई है। रोम की ला सैपिएंज़ा यूनिवर्सिटी की छात्रा इलारिया सुला और सिसिली की सारा कैम्पानेला की निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया।
22 वर्षीय इलारिया सुला की हत्या उसके पूर्व प्रेमी द्वारा की गई, जिसने उसका गला चाकू से काट दिया और शव को सूटकेस में भरकर कूड़ेदान में फेंक दिया। वहीं सारा कैम्पानेला को दिनदहाड़े सड़क पर एकतरफा प्यार में पागल सहपाठी ने चाकू से गोद डाला। दोनों मामलों में आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
इन घटनाओं ने नवंबर 2023 की गिउलिया सेचेटिन की हत्या की यादें ताजा कर दी हैं, जिसे उसके पूर्व प्रेमी ने 70 बार चाकू मारकर मार डाला था। इसके बाद इटली में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए थे।
हालांकि सरकार ने हाल ही में महिला-हत्या को एक अलग अपराध मानने का प्रस्ताव पेश किया है, लेकिन कार्यकर्ताओं का कहना है कि केवल कानून से नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सोच बदलने की जरूरत है। ऐसे में देश में सांस्कृतिक बदलाव और जागरूकता की मांग उठ रही है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
Share this content:
