भवानीपुर में खूनी भिड़ंत: ज़मीन विवाद बना मौत की वजह, दो युवकों की गोली मारकर हत्या, गांव में दहशत का माहौल
बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया के भवानीपुर गांव में गुरुवार रात घटी डबल मर्डर की वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। ज़मीन के पुराने विवाद ने ऐसा उग्र रूप लिया कि दो युवकों—सोनू कुमार उर्फ शुभम और करण पोद्दार को गोलियों से छलनी कर दिया गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
काली स्थान मंदिर बना खूनी टकराव का गवाह
गुरुवार रात करीब 10 बजे शुभम और करण काली स्थान मंदिर के पास किसी बातचीत के सिलसिले में मिले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस तेज़ी से झगड़े में बदली और फिर गोलियों की आवाज़ से गांव दहल उठा। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर कुछ अन्य युवक कार से पहुंचे थे और विवाद को और भड़काया। देखते ही देखते दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई।
गांव में छाया सन्नाटा, पुलिस बल तैनात
हत्या के बाद भवानीपुर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एसपी के निर्देश पर कई थानों की पुलिस टीम गांव में तैनात कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सख्ती बरती जा रही है। भय के कारण लोग रात में घरों की बत्तियां बुझाकर अंदर ही दुबके रहे।
शुभम अपने परिवार का इकलौता बेटा था। छह महीने पहले ही उसके पिता का निधन हुआ था। अब बेटे की मौत ने मां हेमलता देवी और तीन बहनों को पूरी तरह तोड़ दिया है। मायागंज अस्पताल में शव से लिपटी मां और बहनों की चीखें हर किसी का दिल चीर रही थीं।
पुलिस जांच में जुटी, केस दर्ज
एसडीपीओ ओमप्रकाश ने पुष्टि की कि दोनों युवकों की मौत हो चुकी है। रंगरा थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस जांच कर रही है। परिजनों के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Share this content:
