April 17, 2026

लखनऊ में देर रात महिला की सनसनीखेज हत्या, पुलिस की बड़ी लापरवाही उजागर!

लखनऊ में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। देर रात घर लौट रही एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वाराणसी से नौकरी की परीक्षा देकर लौटी इस महिला का शव मलिहाबाद के वाजिदनगर स्थित एक बाग में मिला। पुलिस को आशंका है कि लूटपाट के बाद महिला के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई।

इस सनसनीखेज मामले में लखनऊ पुलिस की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। जांच में कोताही बरतने के आरोप में प्रभारी निरीक्षक आलमबाग, चौकी प्रभारी आलमबाग बस स्टैंड, रात्रि अधिकारी और बस स्टैंड ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी, पीआरवी कमांडर व एक कांस्टेबल सहित सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया है।

आधी रात घर लौट रही थी महिला, कॉल पर बताया – ‘ड्राइवर गलत रास्ते से जा रहा है’

मूल रूप से अयोध्या के रौनाही की रहने वाली 34 वर्षीय महिला नौकरी की परीक्षा और ट्रेनिंग के सिलसिले में वाराणसी गई थी। मंगलवार रात करीब 1:30 बजे वह रोडवेज बस से लखनऊ के आलमबाग बस अड्डे पहुंचीं। वहां से उन्होंने चिनहट स्थित अपने भाई के घर जाने के लिए एक ई-ऑटो बुक किया।

रात 2 बजे महिला ने भाई को फोन कर बताया कि वह घर के लिए निकल चुकी है और 30 मिनट में पहुंच जाएगी। लेकिन जब तय समय के बाद भी वह घर नहीं पहुंची, तो उसके भाई ने 2:35 बजे फिर कॉल किया। इस बार महिला ने घबराई हुई आवाज में बताया कि ऑटो चालक गलत रास्ते से ले जा रहा है।

भाई ने जब ऑटो चालक से महिला के फोन पर ही बात की, तो उसने कहा कि “रास्ता खराब है, इसलिए दूसरे रास्ते से जा रहा हूं।” लेकिन कुछ ही देर बाद महिला का फोन अचानक स्विच ऑफ हो गया।

सुबह बाग में मिला शव, पुलिस पर लापरवाही के आरोप

परिवार ने फौरन पुलिस कंट्रोल रूम में महिला के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई में देरी होती रही। सुबह होते ही मलिहाबाद के वाजिदनगर इलाके में एक बाग में महिला का शव पड़ा मिला। गला दबाकर हत्या की गई थी और उसके जेवर, मोबाइल और अन्य सामान गायब थे।

परिजनों ने आरोप लगाया कि अगर पुलिस रात में ही सक्रिय हो जाती, तो शायद महिला की जान बचाई जा सकती थी। मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। लापरवाही बरतने वाले सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

ई-ऑटो चालक की तलाश जारी, लूट और दुष्कर्म की भी आशंका

पुलिस फिलहाल उस ई-ऑटो चालक की तलाश कर रही है, जो महिला को लेकर निकला था। शक जताया जा रहा है कि लूटपाट के दौरान महिला ने विरोध किया, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस को यह भी आशंका है कि वारदात से पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया गया हो।

तीन पुलिस टीमें मामले की जांच कर रही हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बस अड्डे से महिला के ऑटो में बैठने की पुष्टि की जा रही है।

इस जघन्य अपराध ने लखनऊ पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फिर बहस छिड़ गई है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कब तक कर पाती है और दोषियों को कब तक पकड़ पाती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!