दिल्ली में साइकिलिंग इवेंट के दौरान युवा दिखा जोश, मोटापे से जंग के लिए शुरू हुआ फिट इंडिया साइकिल ड्राइव!
दिल्ली में आज के मौसम ने सर्दी की चुभन जरूर बढ़ाई, जहां तापमान 17 डिग्री तक पहुंच गया था और ठंडी हवा चल रही थी, लेकिन इस ठंड के बावजूद दिल्ली की सड़कों पर जोश और उत्साह से भरे युवा फिट इंडिया पहल के तहत साइकिल चलाते नजर आए। 2 मार्च को आयोजित हुए इस इवेंट का उद्देश्य युवाओं को ‘मोटापे’ के खतरे से लड़ने के लिए प्रेरित करना था, और इस दिशा में भारत सरकार द्वारा शुरू की गई पहल फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली की ओर आकर्षित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया की यह पहल युवाओं में जबरदस्त लोकप्रिय हो रही है, और दिल्ली में इसकी छवि और प्रभाव का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन का हिस्सा बने। इस दौरान पूर्व भारतीय क्रिकेटर और हरियाणा पुलिस के डीएसपी, जोगिंदर शर्मा भी साइकिल चलाते हुए इस आयोजन में शामिल हुए। उन्होंने कहा, “यह एक शानदार कदम है, क्योंकि ‘फिट रहेगा तो हिट रहेगा’। फिटनेस के लिए किसी भी तरह की एक्टिविटी करनी चाहिए।” जोगिंदर ने इस पहल को युवा पीढ़ी के लिए बेहद लाभकारी बताया, खासकर तब जब लोग मोबाइल और तकनीकी उपकरणों में ज्यादा व्यस्त रहते हैं।
क्या है इस पहल का मकसद?
इस पहल का मुख्य उद्देश्य मोटापे के खिलाफ जागरूकता फैलाना और लोगों को नियमित फिटनेस गतिविधियों के लिए प्रेरित करना है। साइकिल चलाना न केवल एक आसान और सस्ती एक्सरसाइज है, बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी फायदेमंद है क्योंकि इससे कार्बन फुटप्रिंट कम होता है और प्रदूषण में भी कमी आती है।
फिट इंडिया मिशन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2019 में की थी, और अब इस पहल के तहत फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल इवेंट्स आयोजित किए जा रहे हैं। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, “यह पहल हमें रोज़मर्रा की फिटनेस गतिविधियों को अपनी जिंदगी में शामिल करने के लिए प्रेरित करती है। साइकिल चलाना एक बेहतरीन और सरल तरीका है, जो हमारे शरीर के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी लाभकारी है।”
इस पहल का जोर मोटापे के खिलाफ जागरूकता फैलाने पर है, और प्रधानमंत्री मोदी ने भी हाल ही में मन की बात कार्यक्रम में संतुलित आहार की अहमियत पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि मोटापे से बचने के लिए तेल का सेवन कम करना चाहिए और इसे 10 प्रतिशत से अधिक नहीं रखना चाहिए।
लोगों में बढ़ा उत्साह
इस इवेंट की शुरुआत 17 दिसंबर 2024 को केंद्रीय युवा मामलों और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने की थी, और अब इसे पूरे देश में सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है। पिछले कुछ हफ्तों में भारत में 4200 से अधिक स्थानों पर फिट इंडिया संडे का आयोजन किया गया है और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। इस आयोजन में सभी आयु वर्ग के लोग पूरी तरह से शामिल हो रहे हैं, जो फिट इंडिया पहल के प्रति अपने उत्साह और समर्पण को दिखा रहे हैं।
दिल्ली की सड़कों पर आयोजित इस साइकिलिंग इवेंट में लोगों ने मोटापे और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने के लिए अपनी जिम्मेदारी को स्वीकार किया। यह दृश्य दिल्ली की सड़कों पर युवाओं और वयस्कों का एकजुट होकर साइकिल चलाते हुए यह संदेश दे रहा था कि ‘स्वस्थ रहेगा तो मस्त रहेगा’।
अब सवाल ये उठता है कि क्या इस पहल से वाकई भारत में फिटनेस को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और लोग अपने जीवनशैली में सुधार लाएंगे, या यह उत्साह केवल कुछ समय तक ही जारी रहेगा?
Share this content:
