देवबंद में 12 वर्षीय मासूम की सनसनीखेज हत्या, पुलिस ने किया खुलासा
सहारनपुर के देवबंद में 12 वर्षीय मासूम प्रिंस की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह मामला जितना दर्दनाक था, उतना ही चौंकाने वाला भी निकला। मासूम की हत्या के पीछे उसके ही पड़ोसी युवक का नाम सामने आया है। पुलिस ने जब इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री की परतें खोलीं, तो जो सच सामने आया, उसने सभी को हिलाकर रख दिया।
गांव में दहशत, परिजनों में कोहराम
भायला गांव में बीते बुधवार को खेतों में प्रिंस का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। शव पर गहरे चोटों के निशान थे, जिससे यह साफ था कि हत्या बड़ी बेरहमी से की गई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल था। पुलिस को मौके पर कुछ अहम सुराग मिले, लेकिन हत्यारा कौन था, यह साफ नहीं हो पाया।
CCTV फुटेज ने खोला राज
एसपी देहात सागर जैन के नेतृत्व में पुलिस ने जब जांच तेज की, तो गांव में लगे एक CCTV कैमरे ने इस रहस्य से पर्दा उठाने में अहम भूमिका निभाई। फुटेज में गांव का ही युवक अंकित संदिग्ध रूप से नजर आया। जब पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो जो सच सामने आया, उसने पुलिसकर्मियों तक को सन्न कर दिया।
पबजी गेम के बहाने बुलाया और फिर…
आरोपी अंकित ने कबूल किया कि घटना वाले दिन वह आम के बाग में बैठकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था। तभी प्रिंस वहां आया। अंकित ने उसे पबजी खेलने के बहाने गन्ने के खेत में बुलाया, लेकिन वहां जो हुआ, वह दिल दहला देने वाला था।
चीख गूंजी, फिर आई ईंट की चोट
अंकित ने कबूल किया कि उसने प्रिंस के साथ गलत काम करने की कोशिश की, लेकिन जब प्रिंस ने इसका विरोध किया और घर जाकर सब बताने की धमकी दी, तो आरोपी घबरा गया। डर के मारे उसने वहीं पड़ी एक ईंट उठाई और प्रिंस के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
सबूत मिटाने की नाकाम कोशिश
हत्या के बाद अंकित शव को वहीं छोड़कर गांव लौटा और अपने घर से एक फावड़ा लेकर आया। उसने गड्ढा खोदकर शव को ढंकने की कोशिश की, ताकि किसी को पता न चले। लेकिन जब वह खेत से वापस घर लौट रहा था, तब उसकी संदिग्ध गतिविधियां CCTV कैमरे में कैद हो गईं।
आरोपी जेल में, गांव में सन्नाटा
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई ईंटें और फावड़ा बरामद कर लिया है। अंकित को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। मासूम प्रिंस के घर में मातम का माहौल है, जबकि परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
Share this content:
