बिहार के मुजफ्फरपुर में 100 साल पुराना पुल गिरा, बड़ा हादसा होने से बचा
बिहार के मुजफ्फरपुर में एक बड़ा हादसा टल गया जब अंग्रेजों के जमाने का एक पुराना पुल अचानक से गिर गया। यह हादसा औराई प्रखंड के गरहां-अमनौर आरईओ पथ के अमनौर खंखार टोला के पास हुआ, जहां 100 साल पुराना पुल धराशायी हो गया, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। हालांकि, गनीमत रही कि जब पुल गिरा, उस समय कोई गाड़ी या व्यक्ति उस पर नहीं था, जिसके कारण बड़ा हादसा टल गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, पुल गिरने से ठीक दस मिनट पहले एक बस इस पुल से गुजरी थी। यह बस अमनौर से मुजफ्फरपुर जा रही थी और पुल के गिरने के बाद यात्रियों की जान बच गई। पुल के गिरने से गांवों का मुख्य संपर्क टूट गया है और अब लोग झिटकहिया होकर हथौड़ी की ओर जाने के लिए मजबूर हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों को शहर जाने में मुश्किल हो रही है।
पुल गिरने के बाद प्रशासन ने तुरंत कदम उठाते हुए सड़क की मरम्मत शुरू कर दी है। ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता रामबाबू दुबे ने बताया कि यह पुल अंग्रेजों के जमाने का था और इसकी ईंटों का संरचना बहुत पुराना था। उन्होंने कहा कि पुल में पहले से ही काफी खामियां थीं, जिसके कारण अचानक यह गिर गया।
यह कोई पहली बार नहीं है जब बिहार में ऐसा हादसा हुआ हो। इससे पहले भी कई पुल गिर चुके हैं, जिसमें ट्रकों का गिरना और भूस्खलन जैसी घटनाएं शामिल हैं। पिछले साल भी इस पुल से एक बालू से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर गिर गया था, जिससे भारी नुकसान हुआ था। फिलहाल, विभाग तेजी से मरम्मत का काम कर रहा है ताकि जल्द से जल्द लोगों को परेशानी से निजात मिल सके और सड़क यातायात को फिर से सुचारू रूप से चालू किया जा सके।
Share this content:
