सीएम योगी का समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला: बच्चों को अंग्रेजी स्कूलों में भेजते हैं, दूसरों के बच्चों को गांव के स्कूलों में भेजने की सलाह!
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला करते हुए उनके दोहरे मापदंड को उजागर किया। उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी का चरित्र अब इतना दोहरा हो गया है कि वह अपने बच्चों को अंग्रेजी पब्लिक स्कूलों में भेजते हैं, जबकि दूसरों को गांव के स्कूलों में भेजने की सलाह देते हैं, जहां सुविधाएं तक नहीं हैं। यही उनका दोहरा मापदंड है।”
सपा के नेताओं पर हमला करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब भी राज्य सरकार कोई अच्छा काम करती है, सपा उसका विरोध करती है और यह उनका आदत बन चुका है। वह किसी भी विकासात्मक पहल की आलोचना करने से पीछे नहीं हटते।
इसके अलावा, उन्होंने उत्तर प्रदेश की विभिन्न बोलियों जैसे भोजपुरी, अवधी, ब्रज और बुंदेलखंडी को विधानसभा में सम्मान देने की बात की। उन्होंने कहा कि इन भाषाओं का विकास करने के लिए उनकी सरकार एक अलग अकादमी बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इन भाषाओं को हिंदी की उपभाषाएं माना जाता है और यही हिंदी की बेटियां हैं।
भाषा के सवाल पर सपा पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि, “यह सदन केवल शुद्ध साहित्यिक विद्वानों के लिए नहीं है। अगर कोई हिंदी में धाराप्रवाह नहीं बोल सकता, तो उसे भोजपुरी, अवधी, ब्रज या बुंदेलखंडी में अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।”
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय द्वारा अंग्रेजी को सदन की कार्यवाही में शामिल करने पर आपत्ति जताए जाने पर सीएम योगी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “आप अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाते हैं, जबकि दूसरों से उर्दू पढ़ाने की वकालत करते हैं। यह कभी नहीं चलेगा।”
समाजवादी पार्टी के दोहरे मापदंड पर सवाल उठाते हुए सीएम योगी ने आगे कहा, “यह क्या बात है कि समाजवादी पार्टी वाले खुद अपने बच्चों को पब्लिक स्कूलों में भेजते हैं, लेकिन दूसरों के बच्चों को गांव के स्कूलों में भेजने की सलाह देते हैं। यह सच्चे समाजवाद का उदाहरण नहीं है।”
उन्होंने समाजवादी पार्टी को घेरते हुए कहा कि, “हम अभिनंदन करते हैं कि इन बोलियों को सम्मान मिल रहा है और हम इसके लिए कई अकादमियों का गठन भी कर चुके हैं। ये भाषाएं केवल उत्तर प्रदेश में ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में हमारे प्रवासी समुदाय में भी बोली जाती हैं।”
मुख्यमंत्री योगी ने अंत में यह भी कहा कि सपा और विपक्ष का काम हमेशा अच्छे कार्यों का विरोध करना होता है, और उनकी सरकार इसका कड़ा विरोध करती है।
Share this content:
