टोरंटो एयरपोर्ट पर डेल्टा एयरलाइंस का विमान क्रैश, 17 घायल—तीन की हालत गंभीर
टोरंटो: सोमवार दोपहर एक भीषण हादसे में डेल्टा एयरलाइंस का एक विमान टोरंटो पियर्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में 17 लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एयरपोर्ट प्रशासन और पील पुलिस ने पुष्टि की है कि विमान में 76 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। डेल्टा एयरलाइंस ने एक बयान जारी कर बताया कि यह उड़ान मिनियापोलिस से आ रही थी और क्रैश दोपहर करीब 2:15 बजे हुआ। सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
हादसे की जांच जारी, दो रनवे बंद
फिलहाल हादसे की वजहों की जांच चल रही है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान क्रैश के बाद आग की चपेट में आ गया, लेकिन सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि जांच पूरी होने तक दो रनवे बंद रहेंगे।
क्या खराब मौसम बना हादसे की वजह?
विशेषज्ञों का मानना है कि खराब मौसम हादसे की एक बड़ी वजह हो सकता है। कनाडा की मौसम विज्ञान सेवा के अनुसार, हादसे के समय 51-65 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही थीं और तापमान माइनस 8.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था।
पिछले दिनों हुए अन्य विमान हादसे
1 फरवरी: फिलाडेल्फिया में मेडिकल विमान क्रैश, 6 की मौत।
29 जनवरी: वॉशिंगटन डीसी में यात्री विमान और हेलिकॉप्टर की टक्कर, 67 की मौत।
Share this content:
