बठिंडा में सनसनीखेज लूट: एनआरआई महिला से हथियारबंद बदमाशों ने 25 तोले सोना छीना!
बठिंडा के थाना नेहियांवाला के तहत आने वाले गांव कोठे नत्था सिंह वाला मेन रोड पर रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात घटी। ऑस्ट्रेलिया से आई एनआरआई महिला राजिंदर कौर से हथियारबंद लुटेरों ने करीब 25 तोले सोने के गहने लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
गोनियाना पुलिस चौकी के इंचार्ज मोहनदीप सिंह के अनुसार, एनआरआई महिला कुछ दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया से अपने गांव चक्क बख्तू आई थी। रविवार को वह अपने परिवार के साथ जैतो रोड स्थित एक पैलेस में अपने बुआ के बेटे की शादी में शामिल हुई थी। रात करीब 11:30 बजे, जब वह शादी से लौट रही थी, तभी उनकी कार में मौजूद एक बच्चे को उल्टी आने लगी। महिला ने कार रुकवाकर जैसे ही बच्चे को बाहर निकाला, तभी पीछे से आई एक आर्टिका कार से कुछ हथियारबंद बदमाश उतरे और परिवार को धमकाते हुए करीब 25 तोले सोना लूटकर फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, लुटेरों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एनआरआई महिला राजिंदर कौर के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपियों की तलाश में इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, और लोग कानून-व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं।
Share this content:
