पुष्पा 2′ की ओटीटी रिलीज़ का ऐलान, हिंदी दर्शकों को करना होगा इंतजार

अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना स्टारर ब्लॉकबस्टर फिल्म पुष्पा 2: द रूल ने बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक कमाई करते हुए भारतीय सिनेमा में नया रिकॉर्ड कायम किया है। 5 दिसंबर 2024 को रिलीज़ हुई इस एक्शन-थ्रिलर ने दुनियाभर में 1,800 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर बाहुबली 2: द कन्क्लूजन को पीछे छोड़ते हुए दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है।

 

अब, इस मेगा हिट फिल्म की ओटीटी रिलीज़ को लेकर मेकर्स ने आधिकारिक घोषणा कर दी है। पुष्पा 2 का रीलोडेड वर्जन 30 जनवरी 2025 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा। हालांकि, यह स्ट्रीमिंग केवल तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में उपलब्ध होगी, जिससे हिंदी दर्शकों को फिलहाल इंतजार करना पड़ेगा।

 

नेटफ्लिक्स ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर फिल्म के ओटीटी रिलीज़ की पुष्टि की है। रीलोडेड वर्जन में फिल्म की लंबाई को 3 घंटे 20 मिनट से बढ़ाकर 3 घंटे 44 मिनट कर दिया गया है, जिसमें 23 मिनट की अतिरिक्त फुटेज जोड़ी गई है। इससे पहले, यह संस्करण 17 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ किया गया था।

 

अब भी सिनेमाघरों में मजबूती से टिके रहने वाली पुष्पा 2 की ओटीटी पर एंट्री इसे और बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाएगी। लेकिन हिंदी वर्जन की ओटीटी रिलीज़ को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, जिससे हिंदी दर्शकों को थोड़ा और इंतजार करना होगा।

Share this content:

About The Author