धधकता यूपी! 14 मई से लू का अलर्ट, 40 डिग्री पार तापमान ने बढ़ाई टेंशन

उत्तर प्रदेश में मई की तपिश अब कहर बरपाने लगी है। मौसम ने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है और आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद न के बराबर है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 14 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है, खासकर पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में गर्म हवाएं लोगों को झुलसा सकती हैं।

रविवार को ही 15 से अधिक जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। पिछले दो दिनों में पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान तेजी से बढ़ा है। दोपहर की चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने आम जनजीवन को खासा प्रभावित किया है।

हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी जरूर दर्ज की गई, लेकिन वह गर्मी से राहत देने में नाकाफी साबित हुई।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 3-4 दिनों में तापमान में 5 से 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लू का प्रकोप और तेज होगा। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

प्रदेश अब पूरी तरह भीषण गर्मी की चपेट में है और गर्मी का यह दौर अभी थमने वाला नहीं लगता।

Share this content:

About The Author