April 30, 2026

लखनऊ में होटल कर्मचारी की गोली मारकर हत्या, युवती से मिलने आए युवक गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चिनहट थाना क्षेत्र के होटल ईशान इन में एक युवक ने होटल कर्मचारी दिवाकर यादव (20) को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी युवक आकाश तिवारी अपनी महिला मित्र से मिलने होटल आया था, जहां होटल स्टाफ से उसकी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि उसने तीन गोलियां चलाकर दिवाकर की हत्या कर दी।

घटना 22 जुलाई की देर रात हुई जब आरोपी महिला मित्र के साथ होटल के कमरे नंबर 301 में था। होटल कर्मचारी दिवाकर यादव और आकाश के बीच आईडी व अन्य मामलों को लेकर कहासुनी हुई, जिससे आकाश पहले महिला के साथ होटल छोड़ गया। कुछ देर बाद वह वापस आया और होटल के बाहर दिवाकर से फिर झगड़ा हुआ। इसी दौरान आकाश ने पिस्टल निकालकर तीन गोलियां चलाईं।

घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई और घायल दिवाकर को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। होटल मालिक देवेंद्र मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने आकाश तिवारी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपी युवक और उसकी महिला मित्र दोनों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि होटल परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं, जिनसे पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। जांच में पता चला है कि मामूली विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर असल कारण सामने लाने में जुटी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!