दानापुर सीट से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अखिलेश कुमार पूजा करने गए थे, लेकिन उसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। पार्टी ने आशंका जताई है कि उन्हें अगवा किया गया हो सकता है।
बिहार विधानसभा चुनाव में पहली बार चुनाव लड़ रहे दानापुर सीट के उम्मीदवार अखिलेश कुमार अचानक लापता हो गए हैं। जन सुराज पार्टी ने बताया कि अखिलेश कुमार नामांकन से पहले अपने समर्थकों के साथ एक मंदिर में पूजा करने गए थे। पूजा के बाद से उनका कोई पता नहीं चला है। पार्टी सूत्रों के अनुसार उनकी तलाश की जा रही है, लेकिन उनका मोबाइल फोन भी नॉट रीचेबल आ रहा है।
पार्टी ने इसके अलावा कहा कि वे प्रत्याशी के परिवार और संबंधियों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। कुछ कार्यकर्ता उनके निवास स्थान पर भी गए हैं। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही अखिलेश कुमार के बारे में कोई सूचना नहीं मिलती है, तो कानूनी मदद ली जाएगी।
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का 11 नवंबर को होगा। पहले चरण के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है। इस कारण उम्मीदवार की अचानक लापता होने की खबर राजनीतिक हलचलों के बीच चिंता बढ़ा रही है।
जन सुराज पार्टी इस बार राज्य की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। हालांकि पार्टी के रणनीतिकार प्रशांत किशोर इस चुनाव में खुद उम्मीदवार नहीं हैं, वह चुनाव के दौरान पार्टी की रणनीति तय करेंगे।
Share this content:
