पर्थ वनडे में टीम इंडिया की हार के बाद अब सबकी निगाहें एडिलेड वनडे पर टिकी हैं। पिछले मैच में विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों ही बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे। इसी बीच बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने दोनों दिग्गज बल्लेबाजों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि विराट और रोहित की बैटिंग प्रैक्टिस में किसी तरह का दखल देना सही नहीं है, क्योंकि दोनों खिलाड़ी अपने खेल को भलीभांति समझते हैं और जानते हैं कि कब क्या सुधार करना है।
कोटक ने एडिलेड में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि “विराट और रोहित जैसे खिलाड़ियों को बार-बार गाइड करने की ज़रूरत नहीं होती। जब तक बहुत ज़रूरी न हो, उनकी प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। पर्थ वनडे में वे रन नहीं बना पाए, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि वे फॉर्म में नहीं हैं।” उन्होंने आगे बताया कि पहले मैच में मौसम एक बड़ी बाधा बना। खेल के दौरान कई बार बारिश रुकने की वजह से बल्लेबाजों की लय टूटती रही, जो टीम की हार की एक प्रमुख वजह बनी।
कोटक ने यह भी जोड़ा कि दोनों खिलाड़ियों की तैयारी शानदार रही है और नेट्स पर वे अच्छी लय में नजर आ रहे हैं। “विराट और रोहित ने एडिलेड में अभ्यास सत्र के दौरान करीब एक घंटे तक जमकर बल्लेबाजी की। दोनों आत्मविश्वास से भरे दिखे,” कोटक ने कहा। उन्होंने विश्वास जताया कि एडिलेड वनडे में दोनों बल्लेबाज बेहतर प्रदर्शन करेंगे और टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दिलाएंगे।
गौरतलब है कि पर्थ वनडे में विराट कोहली बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि रोहित शर्मा केवल 8 रन बना पाए थे। टीम इंडिया को उस मैच में हार का सामना करना पड़ा था। अब सीरीज में बने रहने के लिए भारत को एडिलेड वनडे हर हाल में जीतना होगा। यह मुकाबला गुरुवार सुबह 9 बजे से खेला जाएगा, और फैन्स उम्मीद कर रहे हैं कि विराट-रोहित इस बार बल्ले से जवाब देंगे।
Share this content:
