May 1, 2026

PL-15 मिसाइल के मलबे से उभरा बड़ा खुलासा, चीन की तकनीक पर भारत की नजर? बीजिंग में बढ़ी बेचैनी

भारत-पाकिस्तान सीमा पर हालिया संघर्ष के दौरान जो कुछ हुआ, वह अब चीन के लिए रणनीतिक संकट का रूप लेता दिख रहा है। सूत्रों के अनुसार, भारत को पाकिस्तान की ओर से दागी गई एक चीनी PL-15E मिसाइल का मलबा मिला है, जिसे अब भारत के सैन्य विश्लेषक खंगाल रहे हैं। इस घटनाक्रम से चीन की नींद उड़ गई है, और बीजिंग में इसके रणनीतिक असर को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है।

चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता झांग शियाओगांग ने पहली बार स्वीकार किया है कि पाकिस्तान को PL-15 मिसाइल दी गई है, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि यह उसका एक्सपोर्ट वर्जन PL-15E है, जो घरेलू मॉडल से काफी अलग और सीमित क्षमता वाला है। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह मिसाइल दुनिया के कई रक्षा एक्सपो में प्रदर्शित की जा चुकी है, यानी इसमें कोई खास ‘राज’ जैसी बात नहीं है।

लेकिन भारत के हाथ इस मिसाइल के वास्तविक कंपोनेंट्स लगे हैं – और यहीं से शुरू होती है चीन की चिंता।

क्यों मचा है चीन में हड़कंप?

PL-15E मिसाइल की जो जानकारियां भारत के हाथ लगी हैं, उन्हें लेकर अटकलें तेज हैं कि भारत अब इस मिसाइल की रिवर्स इंजीनियरिंग कर सकता है। इसका मतलब है – मिसाइल के डिजाइन, रडार तकनीक और प्रोपल्शन सिस्टम को समझकर भारत या उसके सहयोगी देश (जैसे अमेरिका, फ्रांस, जापान) इसकी काट निकाल सकते हैं। यह चीन की सैन्य रणनीति और टेक्नोलॉजिकल एडवांटेज को झटका देने जैसा होगा।

विशेषज्ञ मानते हैं कि PL-15E मिसाइल पाकिस्तान के JF-17 Block III और J-10C लड़ाकू विमानों के साथ फिट होती है, जिससे पाकिस्तान की एयरफोर्स को लंबी दूरी की एयर-टू-एयर स्ट्राइक की बड़ी ताकत मिलती है। PL-15E की रेंज करीब 145 किमी है और यह AESA रडार और ड्यूल मोटर जैसी तकनीक से लैस है।

भारत के लिए क्यों अहम है ये मलबा?

माना जा रहा है कि भारत को इस मिसाइल के रडार सीकर, गाइडेंस सिस्टम, और एवियोनिक्स से जुड़ी अहम जानकारी मिल सकती है, जो भविष्य में भारतीय वायुसेना को इन मिसाइलों से बचाव या मुकाबला करने में रणनीतिक बढ़त दे सकती है। इसके अलावा, भारत इसे पश्चिमी मित्र देशों के साथ साझा करके सामूहिक डिफेंस इनोवेशन को भी गति दे सकता है।

चीन की सफाई और उसका संकेत

चीनी प्रवक्ता की सफाई दरअसल इस बात की ओर इशारा है कि बीजिंग नहीं चाहता कि दुनिया को यह लगे कि उसकी एडवांस्ड सैन्य तकनीक अब भारत जैसे प्रतिद्वंद्वी देश की पकड़ में आ गई है। विशेषज्ञ इसे चीन की डैमेज कंट्रोल रणनीति मान रहे हैं।

भारत के हाथ लगे इस PL-15E मिसाइल के मलबे ने दक्षिण एशिया में रणनीतिक संतुलन को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। सवाल यह है – क्या चीन की तकनीक की पोल खुलने वाली है? और क्या भारत इस मौके को अपने सैन्य अनुसंधान और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में बदल पाएगा?

एक बात तो तय है – PL-15 अब सिर्फ एक मिसाइल नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय शक्ति संतुलन का नया सिरा बन चुका है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!