June 17, 2026

मिर्जापुर: धर्मांतरण और ब्लैकमेलिंग के आरोपी इमरान खान के लखनऊ फ्लैट से मिले अहम दस्तावेज, जांच में नए खुलासे

मिर्जापुर में जिम के नाम पर लड़कियों की अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्मांतरण के गंभीर आरोपों में घिरे सरगना इमरान खान के खिलाफ पुलिस जांच तेज हो गई है। पुलिस कस्टडी रिमांड मिलने के बाद शुक्रवार शाम इमरान को लखनऊ ले जाया गया, जहां उसके फ्लैट में घंटों तक गहन छानबीन की गई। इस दौरान पुलिस को कई अहम दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिन्हें मामले के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शनिवार तड़के इमरान को वापस मिर्जापुर लाया गया।

लखनऊ से लौटने के बाद एएसपी सिटी और पुलिस टीम ने इमरान से लंबी पूछताछ की। बरामद दस्तावेजों को लेकर उससे सवाल-जवाब किए गए, जिनसे पुलिस को कई नई जानकारियां मिलने का दावा किया गया है। पूछताछ के बाद इमरान का मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर उसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल सिंह की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में नामजद आठवां आरोपी और इमरान का भाई लकी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इमरान ने वर्ष 2020 में एक कंपनी बनाकर प्लॉटिंग और जमीन की खरीद-फरोख्त का काम शुरू किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस कारोबार में उसने कुछ राजनेताओं और व्यापारियों के परिवारों से भी निवेश कराया था। जमीन बेचकर निवेशकों को मुनाफा पहुंचाने की बात सामने आई है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इस कारोबार के जरिए अवैध गतिविधियों को तो अंजाम नहीं दिया जा रहा था।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि इमरान ने जिम का संचालन अपने भाइयों को सौंप रखा था। पुलिस के अनुसार, इमरान ने हेड कांस्टेबल इरशाद से दोस्ती होने की बात कबूली है और यह भी बताया कि वह इरशाद के जिम के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुआ था। पुलिस इस संबंध की भी जांच कर रही है कि कहीं पुलिस विभाग के भीतर से उसे किसी तरह का संरक्षण तो नहीं मिल रहा था।

एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान इमरान को लखनऊ स्थित उसके फ्लैट ले जाकर छानबीन की गई, जहां से कुछ जरूरी दस्तावेज बरामद हुए हैं। इन दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कस्टडी अवधि समाप्त होने के बाद नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराकर इमरान को अदालत में पेश किया गया और फिर जेल भेज दिया गया। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!