हर समय थकान और चिड़चिड़ापन, कहीं आप डिप्रेशन को नजरअंदाज तो नहीं कर रहे?
आज की तेज़ रफ्तार और तनाव भरी जिंदगी में हर समय थकान महसूस होना, छोटी-छोटी बातों पर चिड़चिड़ा हो जाना या बिना किसी ठोस वजह के मन का उदास रहना आम बात मान ली जाती है। ज़्यादातर लोग इसे काम का दबाव, जिम्मेदारियां या नींद की कमी कहकर टाल देते हैं। लेकिन अगर ये लक्षण लंबे समय तक बने रहें, तो यह केवल शारीरिक थकान नहीं बल्कि डिप्रेशन की ओर इशारा कर सकते हैं, जिसे नजरअंदाज करना मानसिक सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।
मानसिक थकान का असर धीरे-धीरे व्यक्ति की सोच, व्यवहार और रिश्तों पर दिखने लगता है। जब इंसान बिना किसी स्पष्ट कारण के उदास रहने लगे, किसी काम में मन न लगे, खुद को बेकार या असफल महसूस करने लगे या लोगों से दूरी बनाने लगे, तो यह सामान्य मूड स्विंग नहीं होता। लंबे समय तक ऐसे लक्षण बने रहने पर आत्मविश्वास कम होने लगता है, फैसले लेने में दिक्कत आती है और व्यक्ति खुद को समाज से अलग-थलग महसूस करने लगता है।
दिल्ली के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. राजेश कुमार बताते हैं कि डिप्रेशन के लक्षण हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकते हैं। लगातार उदासी और निराशा, हर समय थकान, आत्मविश्वास की कमी, नींद का ज्यादा या कम आना, भूख में बदलाव, किसी भी काम में रुचि न लगना इसके आम संकेत हैं। कई मामलों में गुस्सा और चिड़चिड़ापन ज्यादा नजर आता है, जबकि कुछ लोग खुद को पूरी तरह दूसरों से काट लेते हैं। यह स्थिति धीरे-धीरे मानसिक के साथ-साथ शारीरिक सेहत को भी प्रभावित करती है।
डिप्रेशन के पीछे कई कारण हो सकते हैं। लंबे समय तक तनाव में रहना, किसी करीबी का खो जाना, रिश्तों में लगातार तनाव, आर्थिक दबाव, काम का बोझ, हॉर्मोनल बदलाव या किसी मानसिक सदमे का अनुभव इसकी वजह बन सकता है। कई बार दिमाग में केमिकल असंतुलन भी डिप्रेशन को जन्म देता है। अपनी भावनाओं को दबाकर रखना और मदद न लेना इस समस्या को और गंभीर बना सकता है।
डिप्रेशन से बचाव के लिए सबसे जरूरी है मानसिक सेहत को प्राथमिकता देना। रोज़ाना अपने लिए थोड़ा समय निकालें, पर्याप्त नींद लें और संतुलित आहार लें। हल्की एक्सरसाइज, योग या सुबह की सैर से मन को शांति मिलती है। अपनी भावनाओं को किसी भरोसेमंद व्यक्ति से साझा करें और खुद को अकेला न समझें। सोशल मीडिया से थोड़ी दूरी और छोटे-छोटे लक्ष्य तय करना भी मददगार हो सकता है।
अगर थकान, उदासी या चिड़चिड़ापन दो हफ्तों से ज्यादा समय तक बना रहे और रोज़मर्रा की जिंदगी प्रभावित होने लगे, तो डॉक्टर या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से मिलना जरूरी है। समय पर सलाह और इलाज से डिप्रेशन को गंभीर होने से रोका जा सकता है और जीवन को फिर से संतुलित किया जा सकता है।
Share this content:
