April 30, 2026

प्रयागराज: माघ मेले में लगातार दूसरे दिन आग, ब्रह्माश्रम शिविर के दो टेंट जले, बड़ा हादसा टला

प्रयागराज के माघ मेला क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लगातार दूसरे दिन मेला क्षेत्र में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बुधवार शाम सेक्टर-4 के संगम लोअर स्थित ब्रह्माश्रम शिविर में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते शिविर के दो टेंट इसकी चपेट में आ गए। आग लगते ही श्रद्धालुओं और संतों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर दौड़ पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय मेला क्षेत्र से अचानक धुएं का गुबार और ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। इसकी सूचना तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग की वजह से ब्रह्माश्रम शिविर के दो टेंट पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि आसपास के अन्य टेंटों को सुरक्षित बचा लिया गया। फायर टीम की तत्परता और त्वरित कार्रवाई के चलते आग आगे नहीं फैल सकी। शिविर में मौजूद सभी लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे जान-माल का बड़ा नुकसान होने से बच गया।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले मंगलवार को भी माघ मेला क्षेत्र के सेक्टर-5 में स्थित नारायण शुक्ला धाम शिविर में भीषण आग लग चुकी है। उस घटना में करीब 15 टेंट जलकर राख हो गए थे। हालांकि उस दौरान भी सभी श्रद्धालु समय रहते बाहर निकल आए थे और कोई जनहानि नहीं हुई थी। लगातार दो दिनों में आग की घटनाओं ने माघ मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लगातार हो रही आगजनी से श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि मेला क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की गश्त बढ़ाई जानी चाहिए और आग से बचाव को लेकर लगातार अलर्ट किया जाना जरूरी है। फिलहाल ब्रह्माश्रम शिविर में लगी आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग बुझाने के बाद फायर विभाग और प्रशासन की टीम जांच में जुटी हुई है और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की बात कही जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!