मुंबई: दीपिका पादुकोण के जन्मदिन पर बड़ा खुलासा, सलमान खान के साथ काम न कर पाने का आज भी है मलाल
20 साल के शानदार करियर में कई सुपरहिट फिल्में देने वाली दीपिका ने माना, एक फैसला आज भी करता है उन्हें परेशान
बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण आज अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं। 5 जनवरी 1986 को डेनमार्क में जन्मी दीपिका, बैडमिंटन लीजेंड प्रकाश पादुकोण की बेटी हैं। महज 20 साल की उम्र में फिल्मी दुनिया में कदम रखने वाली दीपिका ने बीते दो दशकों में अपनी मेहनत, टैलेंट और अभिनय से खुद को हिंदी सिनेमा की सबसे सफल अभिनेत्रियों में शुमार कर लिया है। जन्मदिन के मौके पर उनसे जुड़ा एक पुराना बयान फिर चर्चा में है, जिसमें उन्होंने एक सुपरस्टार के साथ काम न कर पाने का अफसोस जाहिर किया था।
दीपिका पादुकोण ने अपने करियर की शुरुआत कन्नड़ सिनेमा से की थी और इसके बाद बॉलीवुड में शानदार एंट्री की। साल 2007 में शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘ओम शांति ओम’ से उन्होंने ऐसा डेब्यू किया कि रातों-रात वह स्टार बन गईं। इसके बाद दीपिका ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने रोमांटिक, ड्रामा, पीरियड और एक्शन हर तरह की फिल्मों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।
अपने करियर के दौरान दीपिका ने शाहरुख खान, रणवीर सिंह, ऋतिक रोशन, अक्षय कुमार, अमिताभ बच्चन, प्रभास जैसे कई दिग्गज सितारों के साथ स्क्रीन शेयर की, लेकिन एक नाम ऐसा रहा जिसके साथ काम न कर पाने का अफसोस वह आज भी महसूस करती हैं। यह नाम है बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान। दीपिका ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि सलमान खान ने सबसे पहले उनके टैलेंट को पहचाना था और उन्हें अपनी एक फिल्म ऑफर की थी।
हालांकि उस समय दीपिका ने यह फिल्म ठुकरा दी थी। उन्होंने बताया था कि उस वक्त वह बहुत कम उम्र की थीं और खुद को फिल्मों के लिए पूरी तरह तैयार नहीं मानती थीं। दीपिका के मुताबिक, उन्होंने हाल ही में 10वीं कक्षा पास की थी और उन्हें लगा कि अभी अभिनय की दुनिया में कदम रखना जल्दबाजी होगी। यही वजह थी कि उन्होंने सलमान खान जैसे बड़े स्टार की फिल्म को मना कर दिया।
इस फैसले को लेकर दीपिका ने साफ कहा था कि उन्हें आज भी अफसोस होता है कि वह सलमान खान के साथ अब तक किसी फिल्म में काम नहीं कर पाईं। उन्होंने यह भी माना कि सलमान शायद ऐसे पहले अभिनेता थे, जिन्होंने उनके अंदर छिपे टैलेंट को पहचाना। दीपिका ने उम्मीद जताई थी कि भविष्य में उन्हें सलमान खान के साथ किसी अच्छे प्रोजेक्ट में काम करने का मौका जरूर मिलेगा।
काम की बात करें तो दीपिका पादुकोण ने ‘कॉकटेल’, ‘ये जवानी है दीवानी’, ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘पद्मावत’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘हैप्पी न्यू ईयर’, ‘फाइटर’ और ‘कल्कि 2898 एडी’ जैसी कई यादगार फिल्मों से दर्शकों के दिलों पर राज किया है। आज 40 की उम्र में भी दीपिका बॉलीवुड की सबसे डिमांडिंग और भरोसेमंद अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं।
Share this content:
