May 1, 2026

अहमदाबाद: कुंवारा बनकर 55 साल के दूल्हे ने की चार शादियां, छत्तीसगढ़ की तीसरी पत्नी की शिकायत पर हुआ गिरफ्तार

गुजरात के अहमदाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां 55 वर्षीय बिरेन सोलंकी उर्फ दिलीप सिंह झाला ने खुद को कुंवारा बताकर चार महिलाओं से शादी कर ली। इस दौरान उसने करोड़ों की ठगी की और कई फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल किया। मामला तब उजागर हुआ जब छत्तीसगढ़ के दुर्ग की एक शिक्षिका, जो उसकी तीसरी पत्नी है, ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की एक-एक परत खोलते हुए उसे अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया।

पीड़िता ने बताया कि वह बिरेन से 2019 में एक ऑनलाइन मैट्रिमोनियल विज्ञापन के जरिए मिली थी। आरोपी ने खुद को अविवाहित और एक प्राइवेट कंपनी का उच्च अधिकारी बताया। बातचीत के बाद दोनों करीब आए और 2020 से 2023 तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे। इस दौरान आरोपी ने अपनी वास्तविक पहचान, पिछली शादियों और बच्चों की जानकारी छुपाए रखी। बाद में 2023 में दुर्ग के एक होटल में दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद भी आरोपी अपने किसी रिश्तेदार से उसे नहीं मिलवाया और लगातार बहाने बनाता रहा।

शादी के बाद बिरेन ने शिक्षिका से घर, EMI, किस्त और गोल्ड लोन के नाम पर 32 लाख रुपए और करीब 12 लाख के जेवर ठग लिए। जांच में पता चला कि उसके तीन बड़े बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ा 35 साल का है। वह पहले भी कई महिलाओं से शादी कर चुका था और अलग-अलग नामों से आधार व वोटर कार्ड बनवाए हुए था। इतनी ठगी और झूठ के बावजूद उसने तीसरी पत्नी से शादी करने के सिर्फ एक महीने बाद गुजरात की एक सरकारी डॉक्टर से चौथी शादी भी कर ली।

जब पीड़िता को आरोपी की असलियत पता चली, तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। मोहन नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस उसकी पुरानी शादियों, फर्जी पहचान पत्र और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने और कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!