May 2, 2026

न्यूयॉर्क: मेयर जोहरान ममदानी की टीम में पाकिस्तानी मूल की लीना खान की एंट्री

न्यूयॉर्क सिटी के भारतीय मूल के मेयर जोहरान ममदानी ने अपनी ट्रांजिशन टीम में पाकिस्तानी मूल की अमेरिकी अर्थशास्त्री और एफटीसी की पूर्व चेयर लीना खान को शामिल किया है। ममदानी 1 जनवरी 2026 को पदभार संभालने वाले हैं और उससे पहले वे एक मज़बूत नीति विशेषज्ञों की टीम तैयार कर रहे हैं, जिसमें लीना खान की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है। आर्थिक नीतियों और प्रशासनिक नियुक्तियों पर वे मेयर को सलाह देंगी।

लीना खान का जन्म ब्रिटेन में पाकिस्तानी मूल के परिवार में हुआ और वे 11 साल की उम्र में अमेरिका चली गईं। अमेरिका में पढ़ाई और करियर बनाने के बाद वे एंटीट्रस्ट कानूनों की सबसे प्रभावशाली आवाज़ों में शामिल हुईं। 2021 में सिर्फ 32 साल की उम्र में उन्हें बाइडेन प्रशासन ने एफटीसी का चेयर नियुक्त किया, जिससे वे इस एजेंसी की अब तक की सबसे कम उम्र की प्रमुख बन गईं। उनके कार्यकाल के दौरान कई बड़ी कंपनियों ने उनकी कड़ी नीतियों के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।

खान ने अपने करियर की शुरुआत बिजनेस रिपोर्टर और रिसर्चर के रूप में की थी, जहां उन्होंने बढ़ते कॉर्पोरेट एकीकरण, बाजारों पर तकनीकी कंपनियों के प्रभाव और उपभोक्ता सुरक्षा के मुद्दों पर रिसर्च की। एफटीसी में रहते हुए उन्होंने Amazon, Meta और Microsoft जैसी टेक दिग्गज कंपनियों के खिलाफ कड़े एंटीट्रस्ट एक्शन लिए। हालांकि, उनकी कुछ कोशिशें सफल नहीं हो पाईं, जैसे—माइक्रोसॉफ्ट द्वारा Activision-Blizzard के अधिग्रहण को रोकना। इसके बावजूद, उन्हें एंटी-मोनोपॉली आंदोलन की एक सशक्त आवाज़ माना जाता है।

ममदानी की टीम में शामिल होने के बाद लीना खान ने कहा कि वे पहले यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि न्यूयॉर्क सिटी के मेयर के पास वास्तविक शक्तियां और निर्णय लेने की क्षमता कितनी होती है। उनकी भूमिका का एक अहम हिस्सा शहर को अधिक किफायती बनाने के मेयर के एजेंडा को वास्तविक रूप देने में मदद करना होगा। साथ ही वे उन नीतियों का ढांचा तैयार करने में भी योगदान देंगी, जिन्हें नई प्रशासनिक टीम लागू करना चाहती है।

लीना खान के काम ने अमेरिका के व्यापार जगत और वॉल स्ट्रीट में कई शक्तिशाली लोगों को नाराज़ किया था। रिपोर्ट के अनुसार, लिंक्डइन के सह-संस्थापक रीड हॉफमैन, बैरी डिलर, पीटर थील और कई अन्य दिग्गज निवेशक उनके एंटीट्रस्ट रुख से असहमत थे और उन्हें व्यापार के खिलाफ लड़ाई छेड़ने का आरोप लगाते थे। इसके बावजूद, सार्वजनिक हित के लिए उनकी दृढ़ और साहसिक कार्रवाई ने उन्हें अमेरिकी राजनीति और नीति-निर्माण में एक सम्मानित स्थान दिया है।

मेयर ममदानी का उन्हें टीम में शामिल करना यह दर्शाता है कि आने वाले वर्षों में न्यूयॉर्क सिटी की आर्थिक नीतियों में बड़े और कड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं, जिनमें उपभोक्ता हित, पारदर्शिता और बाजार प्रतिस्पर्धा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!