May 1, 2026

मेलबर्न: भारत-ऑस्ट्रेलिया दूसरे T20 में प्लेइंग 11 का ऐलान, मैथ्यू शॉर्ट की वापसी, टीम इंडिया में कोई बदलाव नहीं

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। कैनबरा में पहला टी20 बारिश की वजह से रद्द होने के बाद दोनों टीमें अब इस मैच में जीत दर्ज कर बढ़त बनाने के इरादे से उतरी हैं। इस मुकाबले से पहले टॉस ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। वहीं, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि टीम इंडिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है और वही खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे जो कैनबरा टी20 के लिए चुने गए थे।

ऑस्ट्रेलिया की टीम में इस मैच के लिए एक बदलाव किया गया है। कप्तान मार्श ने बताया कि मैथ्यू शॉर्ट की टीम में वापसी हुई है, जो जॉश फिलिप की जगह खेल रहे हैं। वहीं, भारतीय टीम में शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ओपनिंग करेंगे, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव मिडिल ऑर्डर की अगुवाई करेंगे। टीम में जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में हर्षित राणा और कुलदीप यादव गेंदबाजी संभाल रहे हैं।

भारत की प्लेइंग 11 – अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग 11 – ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श (कप्तान), जॉश इंग्लिस, टिम डेविड, मिचेल ओवन, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू शॉर्ट, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, मैट कुन्हेमन, जॉश हेजलवुड

मेलबर्न में भारत का टी20 रिकॉर्ड शानदार रहा है। यहां खेले गए 6 मुकाबलों में से 4 में भारत को जीत मिली है, जबकि ऑस्ट्रेलिया केवल 2 बार ही विजयी रहा है। मैच से पहले दोनों टीमों ने 17 वर्षीय युवा क्रिकेटर बेन ऑस्टिन को श्रद्धांजलि दी, जिनकी हाल ही में नेट प्रैक्टिस के दौरान बॉलिंग मशीन से चोट लगने के बाद मौत हो गई थी। खिलाड़ियों ने मैदान पर उतरते समय काली पट्टी बांधकर उन्हें याद किया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!