अनाया बांगर ने कैसे पास किया MA? हुआ चौंकाने वाला खुलासा
अनाया बांगर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कभी क्रिकेट के मैदान पर अपनी प्रतिभा दिखा चुकीं अनाया इन दिनों एक रिएलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ में नजर आ रही हैं। शो के दौरान उन्होंने अपनी पढ़ाई से जुड़ा ऐसा राज खोला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। अनाया ने खुलासा किया कि उन्होंने MA की पढ़ाई पूरी की है, लेकिन उन्होंने इसे पारंपरिक तरीके से पास नहीं किया बल्कि एक ऐसे तरीके का इस्तेमाल किया जिसने शो के बाकी कंटेस्टेंट्स को भी चौंका दिया।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो क्लिप में अनाया कहती हैं कि उनकी पढ़ाई का लगभग हर काम CHAT GPT से हुआ है। यही नहीं, उन्होंने बताया कि MA पास करने में भी उन्होंने इसी तकनीक का सहारा लिया। इस बयान के बाद शो में मौजूद कंटेस्टेंट्स भी हैरान रह गए और एक ने तो मजाक में यहां तक कह दिया कि “इतना भी सच नहीं बोलना चाहिए।” हालांकि, अनाया ने बेझिझक अपनी सच्चाई सभी के सामने रखी।
अनाया बांगर, भारत के पूर्व क्रिकेटर संजय बांगर की बेटी हैं। क्रिकेट की दुनिया से उनका पुराना नाता रहा है। जब उनकी पहचान आर्यन बांगर के रूप में थी, तब वो अंडर-एज क्रिकेट में यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान जैसे खिलाड़ियों के साथ खेल चुकी हैं। क्रिकेट से गहरा लगाव आज भी बरकरार है और इसी वजह से अनाया अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार क्रिकेट प्रैक्टिस के वीडियो साझा करती रहती हैं। उनका मानना है कि एक बार फिर मैदान पर लौटने के लिए उन्हें कड़ी मेहनत करनी होगी।
सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, अनाया का जीवन सफर भी उतना ही प्रेरणादायी है। लड़का से लड़की बनने की उनकी कहानी आसान नहीं रही। सोशल मीडिया पर उन्हें कई बार आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, वहीं उन्हें हजारों शादी के प्रस्ताव भी मिले। इसके बावजूद उन्होंने खुद को मजबूत बनाए रखा और अब वह अपने जीवन को एक नई दिशा में ले जा रही हैं। हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर जिंदगी में गिरने और फिर से उठने के मायने बताए। उनके मुताबिक, गिरना सबकुछ गंवाना नहीं होता, बल्कि और ज्यादा हिम्मत जुटाकर खड़े होना होता है।
रिएलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ में हिस्सा लेने से पहले यह खबरें भी चली थीं कि अनाया बिग बॉस में एंट्री लेने वाली हैं। हालांकि, यह महज अफवाह निकलीं। अब शो में उनके बेबाक बयानों और खुलासों ने उन्हें एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। MA पास करने का उनका अनोखा तरीका भले ही चौंकाने वाला हो, लेकिन इससे यह साफ झलकता है कि अनाया तकनीक को अपनाने और नए रास्ते चुनने से पीछे नहीं हटतीं। यही जज्बा उन्हें बाकी लोगों से अलग बनाता है।
Share this content:
