भारत की व्हिस्की का दुनिया में जलवा, मंशा और अदंबरा ने जीते इंटरनेशनल अवॉर्ड
भारत की दो प्रीमियम व्हिस्की मंशा और अदंबरा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बड़ी सफलता हासिल की है। देवन्स मॉडर्न ब्रुअरीज (Devans Modern Breweries) द्वारा तैयार की गई इन दोनों व्हिस्कियों ने 2025 में आयोजित वैश्विक प्रतियोगिताओं में कई बड़े अवॉर्ड जीते हैं। जम्मू की पहाड़ियों में बनी मंशा को जर्मनी में “इंटरनेशनल व्हिस्की ऑफ द ईयर 2025” का खिताब मिला है, जबकि अदंबरा को अमेरिका के लास वेगास में आयोजित प्रतियोगिता में “बेस्ट इंडियन सिंगल माल्ट” और “बेस्ट इंडियन व्हिस्की” का सम्मान दिया गया है। यह पहली बार है जब भारतीय व्हिस्की ने इतने बड़े स्तर पर एक साथ कई सम्मान हासिल किए हैं।
मंशा को खासतौर पर उसकी स्मोकी फ्लेवर और अनोखी खुशबू के लिए सराहा गया है। इसे पीटेड सिंगल माल्ट कहा जाता है, यानी इसमें जली हुई लकड़ी जैसी महक आती है। इसके साथ ही इसमें अमरूद, शहद और कैरामेल जैसी मीठी खुशबू भी शामिल है, जो पीने वालों को अलग अनुभव देती है। मशहूर व्हिस्की एक्सपर्ट जिम मरे ने मंशा को “मॉल्ट लवर्स ड्रीम” बताया है। जम्मू की ठंडी हवा, साफ पानी और प्राकृतिक वातावरण इसके स्वाद को और खास बनाते हैं। यही वजह है कि इसे ‘ग्रैंड गोल्ड’ अवॉर्ड से भी नवाजा गया, जो दुनिया की केवल चुनिंदा शराबों को मिलता है।
वहीं अदंबरा की खासियत इसका नॉन-पीटेड फ्लेवर है। इसे अमेरिका के पुराने बोरबन कैस्क्स में रखा जाता है, जिससे इसका रंग गहरा एम्बर हो जाता है। इसके स्वाद में सूखी खुबानी, शहद और कैरामेल जैसे गहरे और मीठे फ्लेवर मिलते हैं। यह उन ग्राहकों के लिए आदर्श विकल्प है जो स्मूथ और संतुलित स्वाद वाली व्हिस्की पसंद करते हैं। विदेशी एक्सपर्ट्स ने अदंबरा को न सिर्फ भारतीय बाजार बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए भी बेहतरीन बताया है।
फिलहाल मंशा और अदंबरा दिल्ली और हैदराबाद एयरपोर्ट की ड्यूटी-फ्री दुकानों पर उपलब्ध हैं। 750 मिलीलीटर की बोतल की कीमत लगभग ₹9,500 है। कंपनी का कहना है कि जल्द ही यह हरियाणा और गोवा की दुकानों पर भी उपलब्ध कराई जाएंगी। देवन्स ब्रुअरीज की योजना है कि आने वाले समय में इन व्हिस्कियों को अन्य देशों में भी लॉन्च किया जाए।
इन व्हिस्कियों की सफलता ने साबित कर दिया है कि भारत सिर्फ सस्ती शराब बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि प्रीमियम क्वालिटी और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरने वाली ड्रिंक्स तैयार करने में भी सक्षम है। इससे पहले भी भारतीय ब्रांड्स ने अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड जीते हैं, लेकिन मंशा और अदंबरा ने जिस तरह से एक साथ कई बड़े खिताब जीते हैं, उसने भारतीय शराब उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। अब भारतीय व्हिस्की को केवल घरेलू स्वाद तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों की पसंद भी बन रही है।
Share this content:
