मुंबई: अनिल अंबानी की बढ़ी मुश्किलें, RCOM ठिकानों पर CBI की छापेमारी
बिज़नेसमैन अनिल अंबानी की कानूनी परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मुंबई में सीबीआई (CBI) ने शनिवार को उनके और उनकी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन (RCOM) से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी अनिल अंबानी से पूछताछ की थी और उनके ठिकानों पर रेड डाली थी। ताज़ा कार्रवाई बैंक फ्रॉड केस से जुड़ी बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई ने यह सर्च ऑपरेशन उस शिकायत के आधार पर शुरू किया है जिसमें अनिल अंबानी की कंपनी पर बैंकों को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है। जांच एजेंसी ने मुंबई में छह जगहों पर छापेमारी की है। मामला स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। बैंक ने इस साल जून में कंपनी के 2000 करोड़ रुपये से अधिक के लोन को “फ्रॉड” घोषित किया था और इसके बाद औपचारिक रिपोर्ट आरबीआई व सीबीआई को भेजी गई थी।
इससे पहले ईडी ने भी अनिल अंबानी से दिल्ली मुख्यालय में कई घंटे तक पूछताछ की थी। पूछताछ में उनसे 17,000 करोड़ रुपये के कथित बैंक लोन घोटाले से जुड़े सवाल किए गए थे, जिनमें यह जानने की कोशिश हुई कि पैसा शेल कंपनियों में तो नहीं गया, कहीं राजनीतिक दलों को तो ट्रांसफर नहीं किया गया और क्या किसी अधिकारी को रिश्वत दी गई। ईडी ने उन्हें फिर से पूछताछ के लिए बुलाने का नोटिस भी भेजा था।
अब सीबीआई की छापेमारी से यह साफ हो गया है कि अंबानी ग्रुप के खिलाफ जांच और भी तेज हो रही है। अनिल अंबानी पहले से ही आर्थिक संकट और कर्ज विवादों से जूझ रहे हैं, ऐसे में ईडी और सीबीआई दोनों एजेंसियों का शिकंजा उनके लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।
Share this content:
