May 2, 2026

वॉशिंगटन में ट्रंप के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन, नेशनल गार्ड्स की तैनाती पर भड़का गुस्सा

वॉशिंगटन डीसी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश के खिलाफ हजारों लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। राजधानी में 12 अगस्त को ट्रंप ने 800 नेशनल गार्ड्स की तैनाती का आदेश दिया था, जिसे लेकर आम नागरिकों ने नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने व्हाइट हाउस तक मार्च निकाला और ट्रंप के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि राजधानी को सेना की छांव में बदलना लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है।

 

यह रैली ड्यूपॉन्ट सर्कल से शुरू होकर व्हाइट हाउस तक पहुंची। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘शर्म करो’ और ‘ट्रंप को अब जाना होगा’ जैसे नारे लगाए। वे राष्ट्रपति द्वारा घोषित ‘क्राइम इमरजेंसी’ को तुरंत खत्म करने की मांग कर रहे थे। मौके पर डीसी मेट्रोपॉलिटन पुलिस तैनात थी, लेकिन उन्होंने प्रदर्शनकारियों को सीधे तौर पर रोकने की कोशिश नहीं की और दूर से हालात पर नजर रखी।

 

इसी बीच एक बड़ा विवाद तब खड़ा हुआ जब प्रदर्शन से दो दिन पहले अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने ड्रग प्रवर्तन प्रशासन के टेरी कोल को ‘इमरजेंसी पुलिस कमिश्नर’ नियुक्त करने की कोशिश की थी। इसके तहत कोल को डीसी पुलिस का पूरा कंट्रोल मिलना था। हालांकि, अटॉर्नी जनरल ब्रायन श्वलब ने फेडरल कोर्ट में अपील कर इस योजना को रद्द करा दिया। उन्होंने कहा कि हमारी पुलिस फोर्स पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।

 

वहीं, कई प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ट्रंप प्रशासन लगातार स्थानीय पुलिस पर नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश कर रहा है। स्थानीय नागरिक जॉन स्मिथ ने कहा, “मैं यहां सुरक्षित महसूस करता हूं, लेकिन ट्रंप की नीतियां हमें असुरक्षित बना रही हैं। उन्हें समझ ही नहीं है कि लोग क्या चाहते हैं।” प्रदर्शनकारियों का दावा है कि आने वाले हफ्तों में वे और भी बड़े प्रदर्शनों की तैयारी करेंगे।

 

उधर, वेस्ट वर्जीनिया के गवर्नर पैट्रिक मॉरिसी ने ऐलान किया कि वह ट्रंप के समर्थन में 300 से 400 नेशनल गार्ड्स भेजेंगे। इसके अलावा साउथ कैरोलिना से 200 और ओहियो से 150 गार्ड्स की तैनाती की जाएगी। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस फैसले के लिए 1970 के होम रूल एक्ट का सहारा लिया है, जिसके तहत वे 48 घंटे तक डीसी पुलिस पर नियंत्रण रख सकते हैं और संसद की समितियों को जानकारी देकर इस अवधि को और बढ़ाया भी जा सकता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!