कानपुर में डबल मर्डर, दीवान बेड से बरामद हुए किन्नर और भाई के शव
कानपुर के हनुमंत विहार इलाके के अर्रा में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। 28 वर्षीय किन्नर काजल और उसके छोटे भाई देव की बेरहमी से हत्या कर दी गई, और आरोप है कि हत्यारे ने वारदात को छुपाने के लिए दोनों के शव दीवान बेड में छिपा दिए। पुलिस का अनुमान है कि यह हत्या करीब तीन से चार दिन पहले की गई होगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते तीन दिनों से काजल के घर का गेट बंद था और भीतर से कोई हलचल नहीं हो रही थी। धीरे-धीरे घर से बदबू फैलने लगी, जिससे किन्नर के दोस्तों को अनहोनी की आशंका हुई। मकान मालिक की मदद से जब गेट खोला गया, तो अंदर का नजारा देख सभी के होश उड़ गए। कमरे में अलमारियां खुली थीं, सामान बिखरा हुआ था और बदबू असहनीय हो गई थी।
सूचना मिलने पर हनुमंत विहार पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस को घर से काजल का मोबाइल फोन और कुछ अन्य सामान गायब मिला। काजल की मां गुड्डी ने बताया कि उनके पति ब्रजेश दुबे मुंबई में नौकरी करते हैं। फिलहाल, पुलिस ने मां से तहरीर देने को कहा है।
मामले में जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस पड़ोसी के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हत्यारे की पहचान हो सके। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत का सही समय और कारण स्पष्ट हो सके।
पुलिस का कहना है कि यह हत्या संभवतः लूटपाट के इरादे से की गई है, लेकिन अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस वारदात ने हनुमंत विहार क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और पुलिस ने हत्यारे की तलाश तेज कर दी है।
Share this content:
