किश्तवाड़ में मुठभेड़: दूल इलाके में 2-3 आतंकियों को सुरक्षाबलों ने घेरा, गोलीबारी जारी
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रविवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। खुफिया जानकारी मिलने के बाद भारतीय सेना ने दूल इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सेना के जवानों ने 2 से 3 आतंकियों को घेर लिया, जिसके बाद छिपे हुए आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने जानकारी दी कि दूल क्षेत्र में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी है और दोनों ओर से गोलीबारी हो रही है। सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में घेराबंदी कर रही हैं, ताकि आतंकियों को भागने का कोई मौका न मिले।
इससे पहले दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के अखल क्षेत्र में नौ दिन से चला आ रहा आतंकवाद-रोधी अभियान भी चर्चा में है। इस ऑपरेशन में शनिवार रात हुई मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए और दो घायल हो गए। अब तक इस अभियान में दो आतंकवादी मारे जा चुके हैं, हालांकि उनकी पहचान और संगठन से जुड़ाव की पुष्टि नहीं हो पाई है।
कुलगाम ऑपरेशन में शहीद हुए लांस नायक प्रीतपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह को सेना ने श्रद्धांजलि दी। चिनार कोर ने कहा कि उनका साहस और निष्ठा हमेशा प्रेरित करती रहेगी। वहीं, इस अभियान के दौरान कुल घायल जवानों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।
अधिकारियों के मुताबिक किश्तवाड़ और कुलगाम दोनों जगह ऑपरेशन जारी हैं। सुरक्षा बलों का कहना है कि इन अभियानों का उद्देश्य आतंकवादियों को पूरी तरह खत्म करना और क्षेत्र में शांति बहाल करना है।
Share this content:
