April 30, 2026

कम टैक्स, ज्यादा बचत! न्यू टैक्स रिजीम में इन 4 आसान तरीकों से बचाएं आयकर

अगर आप इस वित्तीय वर्ष में न्यू टैक्स रिजीम को अपनाने का विचार कर रहे हैं, तो आपके लिए यह खबर बहुत मददगार साबित होगी। बजट 2025 में सरकार ने न्यू टैक्स रिजीम के तहत 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स फ्री कर दिया है, जो डिडक्शन के बाद 12.75 लाख रुपये तक बढ़ जाता है। ऐसे में आप कुछ आसान और स्मार्ट तरीकों से अपनी टैक्स देनदारी कम कर सकते हैं और बचत बढ़ा सकते हैं। आइए जानें चार ऐसे तरीके जिनसे आप अपने टैक्स की बचत कर सकते हैं।

1. NPS में निवेश करें
नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) को रिटायरमेंट के लिए बनाया गया है, लेकिन यह टैक्स बचाने का भी बढ़िया माध्यम है। कंपनी के जरिए NPS में आपके बेसिक सैलरी का 14% तक का योगदान टैक्स-मुक्त होता है। हालांकि, अधिकांश कर्मचारी इस लाभ का पूरा फायदा नहीं उठाते। NPS में निवेश से न केवल टैक्स बचता है, बल्कि रिटायरमेंट के समय निकाले गए कॉर्पस का 60% हिस्सा भी टैक्स-फ्री होता है। NPS-इक्विटी विकल्प से अच्छे रिटर्न के साथ लंबी अवधि में संपत्ति भी बनती है।

2. EPF में ज्यादा योगदान करें
कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) में आप अपनी बेसिक सैलरी का 12% योगदान कर सकते हैं, जबकि कई लोग न्यूनतम योगदान ही करते हैं। कंपनी का यह योगदान भी टैक्स-मुक्त होता है। आप अपने नियोक्ता से सैलरी स्ट्रक्चर में बदलाव कर EPF योगदान बढ़ाने का अनुरोध कर सकते हैं। इससे आपकी टैक्स बचत होगी और रिटायरमेंट के लिए बचत भी बढ़ेगी।

3. माता-पिता के नाम निवेश करें
अगर आपके माता-पिता की कोई आय नहीं है, तो उनके नाम निवेश कर आप टैक्स बचा सकते हैं। उदाहरण के लिए, आप उन्हें पैसे गिफ्ट करें और वे इसे फिक्स्ड डिपॉजिट में लगाएं। इससे जो ब्याज मिलेगा, वह उनकी टैक्स-मुक्त सीमा के अंदर होगा और टैक्स नहीं लगेगा। ध्यान रखें कि यह रणनीति सावधानीपूर्वक अपनाई जानी चाहिए ताकि टैक्स नियमों का उल्लंघन न हो।

4. प्रोफेशनल्स के लिए प्रिजम्प्टिव टैक्सेशन
अगर आप सैलरीड कर्मचारी नहीं हैं, तो आप सेक्शन 44ADA के तहत प्रिजम्प्टिव टैक्सेशन का लाभ उठा सकते हैं। इसमें आपकी कुल आय का केवल 50% ही टैक्सेबल माना जाता है, जिससे आपकी टैक्स देनदारी कम हो जाती है। इसके लिए खर्चों का ब्योरा देने की जरूरत नहीं पड़ती, जो प्रबंधन को आसान बनाता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!