भारत के सबसे महंगे IT CEO बने सी. विजयकुमार, HCLTech से मिली ₹94.6 करोड़ की सैलरी
देश की दिग्गज IT कंपनी HCLTech ने अपने सीईओ सी. विजयकुमार को वित्त वर्ष 2024-25 में ₹94.6 करोड़ का सैलरी पैकेज दिया है, जो उन्हें भारत का सबसे ज़्यादा कमाने वाला आईटी प्रमुख बनाता है। यह रकम हर दिन करीब ₹26 लाख की कमाई दर्शाती है। इस पैकेज में बेसिक सैलरी से लेकर स्टॉक ऑप्शन तक कई कॉम्पोनेंट शामिल हैं, और ये आंकड़ा भारत की अन्य शीर्ष IT कंपनियों के सीईओ से काफी अधिक है।
इस साल सी. विजयकुमार की कुल सैलरी में ₹15.8 करोड़ की बेसिक सैलरी, ₹13.9 करोड़ का परफॉर्मेंस बोनस, ₹56.9 करोड़ के लॉन्ग टर्म स्टॉक यूनिट्स (RSU) और ₹1.7 करोड़ का एक विशेष बोनस शामिल रहा। यह पैकेज Infosys, Wipro, TCS और Tech Mahindra के प्रमुखों को मिली सैलरी से कहीं ज्यादा है। Infosys के सीईओ सलिल पारेख को जहां ₹80.6 करोड़ मिले, वहीं TCS के के. कृतिवासन को केवल ₹26.5 करोड़ की सैलरी दी गई।
सी. विजयकुमार ने 1994 में HCL कॉमनेट से अपने करियर की शुरुआत की थी और एक इंजीनियर के तौर पर कंपनी के साथ जुड़े थे। रिमोट इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट (RIM) जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उनका योगदान रहा, जिसने कंपनी की सेवाओं को वैश्विक स्तर पर मज़बूती दिलाई। उनकी तकनीकी समझ और नेतृत्व क्षमता ने उन्हें लगातार आगे बढ़ाया और 2016 में वह कंपनी के सीईओ बने।
वर्तमान में कंपनी ने एक बार फिर उन्हें 1 सितंबर 2025 से 31 मार्च 2030 तक सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर बनाए रखने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, इस प्रस्ताव को शेयरधारकों की मंजूरी के बाद ही अंतिम रूप दिया जाएगा। इससे साफ है कि HCLTech नेतृत्व में स्थिरता और दीर्घकालिक सोच को प्राथमिकता दे रही है।
तमिलनाडु के PSG कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी से इंजीनियरिंग की डिग्री लेने वाले सी. विजयकुमार अब भारतीय कॉर्पोरेट वर्ल्ड में प्रेरणास्रोत बन चुके हैं। उनका यह सफर यह दिखाता है कि तकनीकी ज्ञान, नेतृत्व कौशल और निरंतर समर्पण के दम पर कैसे कोई व्यक्ति एक इंजीनियर से देश का सबसे ज़्यादा वेतन पाने वाला CEO बन सकता है।
Share this content:
