April 30, 2026

ITR फाइलिंग से पहले तैयार रखें ये ज़रूरी दस्तावेज, नहीं तो बीच में रुक सकता है पूरा प्रोसेस

आयकर विभाग ने फाइनेंशियल ईयर 2024-25 (असेसमेंट ईयर 2025-26) के लिए ITR फाइल करने की डेडलाइन बढ़ाकर 15 सितंबर 2025 कर दी है। लेकिन रिटर्न फाइल करने से पहले कुछ ज़रूरी दस्तावेजों को एकत्रित करना बेहद आवश्यक है, ताकि पूरा प्रोसेस सुगम और बिना किसी बाधा के पूरा हो सके।

सबसे पहले पैन कार्ड और आधार नंबर की बात करें तो इनकम टैक्स एक्ट की धारा 139AA के तहत यह अनिवार्य है कि आपका पैन कार्ड वैलिड और आधार से लिंक्ड हो। इसके अलावा बैंक अकाउंट की पासबुक, IFSC कोड और अकाउंट नंबर की जानकारी भी जरूरी है, ताकि टैक्स रिफंड में कोई अड़चन न आए।

रिटर्न फाइलिंग में सबसे अहम होते हैं टैक्स डिडक्शन से जुड़े डॉक्यूमेंट्स जैसे फॉर्म 16 (सैलरी के लिए), फॉर्म 16A (नॉन-सैलरी TDS), और फॉर्म 26AS, जो TDS, एडवांस टैक्स और टैक्स रिफंड से जुड़ी सभी जानकारी दर्शाते हैं। ये दस्तावेज़ न केवल आय की पुष्टि करते हैं, बल्कि इनकम टैक्स की गणना में भी मदद करते हैं।

इसके अतिरिक्त, इनकम टैक्स पोर्टल पर लॉग इन करके AIS (Annual Information Statement) और TIS (Taxpayer Information Summary) डाउनलोड करना भी जरूरी है। ये दस्तावेज आपकी समग्र आय, निवेश, डिविडेंड, टैक्स क्रेडिट और अन्य वित्तीय गतिविधियों की पुष्टि करने में उपयोगी होते हैं।

पुराने टैक्स रिजीम में छूट पाने के लिए निवेश से जुड़े प्रूफ जैसे सेक्शन 80C, 80D, 80E से संबंधित दस्तावेज, रेंट एग्रीमेंट, लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी नंबर, और दान की रसीदें भी संजोकर रखनी चाहिए। अगर आपने किसी म्यूचुअल फंड, प्रॉपर्टी या शेयर में निवेश या बिक्री की है, तो उसके लिए कैपिटल गेन स्टेटमेंट्स जरूर लें।

अगर आपकी कोई इनकम विदेश से है या आपने विदेशी संपत्ति में निवेश किया है, तो विदेशी बैंक स्टेटमेंट, फॉर्म 67 और अन्य विदेशी निवेश की डिटेल्स भी जरूरी हैं। यह टैक्स नियमों के पालन और सटीक फाइलिंग के लिए आवश्यक हैं।

अंत में, पिछले साल के टैक्स रिटर्न्स, ऑडिट रिपोर्ट (अगर लागू हो), और स्पेसिफिक डोमेस्टिक या इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन की जानकारी (फॉर्म 3CEB आदि) भी हाथ में रखें। इन सभी दस्तावेजों की सही तैयारी से आप ITR फाइलिंग के दौरान किसी भी तरह की देरी या गलती से बच सकते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!