संगीता बिजलानी के फार्म हाउस में चोरी: गेट तोड़ा, कैमरे तोड़े, कीमती सामान लेकर चोर फरार
बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी के पुणे स्थित फार्म हाउस में एक चौंकाने वाली चोरी की वारदात सामने आई है। जिस जगह को वह हमेशा अपने सुकून और शांति का ठिकाना मानती थीं, वहां अब दरवाजे टूटे हैं, सामान बिखरा है और सीसीटीवी कैमरे तक तबाह कर दिए गए हैं। यह वारदात उस वक्त हुई जब फार्म हाउस पूरी तरह खाली था और संगीता मुंबई में थीं।
लोनावाला के पास पवन मावल क्षेत्र में मौजूद इस फार्म हाउस में परसों रात अज्ञात चोरों ने सेंध लगाई। जब संगीता बिजलानी अपने दो हाउसहेल्प के साथ फार्म हाउस पहुंचीं, तो वहां का हाल देखकर उनके होश उड़ गए। मुख्य गेट टूटा हुआ था, खिड़कियों की ग्रिलें उखाड़ी गई थीं और घर के अंदर बिस्तर, फ्रिज, टीवी सेट समेत कई कीमती सामान गायब थे।
सबसे हैरान करने वाली बात ये रही कि चोरों ने चोरी से पहले सीसीटीवी कैमरे भी पूरी तरह से तोड़ डाले ताकि किसी तरह की फुटेज न मिल सके। संगीता ने तुरंत लोनावाला ग्रामीण थाने में शिकायत दर्ज कराई और इस मामले की जानकारी पुणे ग्रामीण एसपी संदीप सिंह गिल को भी दी। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इस घटना को लेकर संगीता बिजलानी ने बताया कि वह अपने पिता की तबीयत खराब होने के चलते काफी समय से फार्म हाउस नहीं आ सकी थीं। ऐसे में चोरों को शायद यह अंदाजा हो गया था कि फार्म हाउस लंबे समय से खाली है। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने पूरी वारदात को अंजाम दिया।
गौरतलब है कि संगीता बिजलानी हिंदी सिनेमा की एक प्रतिष्ठित और फिट एक्ट्रेस रही हैं। उन्होंने 16 साल की उम्र में मॉडलिंग शुरू की थी और 1980 में मिस इंडिया का खिताब जीतने के बाद बॉलीवुड में कदम रखा। ‘त्रिदेव’, ‘हथियार’, ‘युगांधर’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से उन्होंने दर्शकों का दिल जीता। लेकिन अब इस चोरी की घटना ने उन्हें न सिर्फ झटका दिया है, बल्कि सवाल भी खड़े किए हैं कि क्या सेलेब्रिटीज के फार्म हाउस भी सुरक्षित नहीं रह गए?
Share this content:
