May 5, 2026

TATA ग्रुप बनाएगा ₹500 करोड़ का राहत ट्रस्ट, एयर इंडिया हादसे के पीड़ितों को दी जाएगी दीर्घकालिक मदद

टाटा ग्रुप ने अहमदाबाद में हुए भयावह एयर इंडिया विमान हादसे के पीड़ितों के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए ₹500 करोड़ का विशेष राहत ट्रस्ट बनाने की घोषणा की है। इस ट्रस्ट का नाम AI-171 मेमोरियल एंड वेलफेयर ट्रस्ट रखा गया है और इसका उद्देश्य मृतकों के परिजनों, घायल व्यक्तियों तथा हादसे से प्रभावित हर वर्ग को तत्काल व दीर्घकालिक सहायता उपलब्ध कराना है।

इस ट्रस्ट के लिए टाटा संस और टाटा ट्रस्ट दोनों ने ₹250-₹250 करोड़ की राशि की प्रतिबद्धता जताई है। यह ट्रस्ट मुंबई में एक सार्वजनिक चैरिटेबल ट्रस्ट के रूप में पंजीकृत किया गया है। गौरतलब है कि 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही एक इमारत से टकरा गई थी, जिसमें 260 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।

टाटा ग्रुप ने बयान में स्पष्ट किया है कि इस राहत ट्रस्ट से मृतकों के आश्रितों को ₹1 करोड़ की अनुग्रह राशि दी जाएगी। साथ ही गंभीर रूप से घायल लोगों को चिकित्सा सहायता प्रदान की जाएगी और बी.जे. मेडिकल कॉलेज, अहमदाबाद के उस छात्रावास परिसर के पुनर्निर्माण में भी मदद दी जाएगी जो इस हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ था।

AI-171 मेमोरियल एंड वेलफेयर ट्रस्ट का संचालन 5 सदस्यीय बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज द्वारा किया जाएगा। इनमें पूर्व टाटा अधिकारी एस. पद्मनाभन और टाटा संस के जनरल काउंसल सिद्धार्थ शर्मा को शामिल किया गया है। बाकी तीन सदस्यों की घोषणा जल्द की जाएगी।

इसके अलावा, ट्रस्ट हादसे के बाद तत्काल प्रतिक्रिया देने वाले मेडिकल स्टाफ, आपदा राहत कर्मियों, समाजसेवकों और सरकारी अधिकारियों को भी सम्मान और सहायता प्रदान करेगा, जिन्होंने जान जोखिम में डालकर बचाव और राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने इसे समूह के इतिहास के “सबसे काले दिनों में से एक” बताया है। ट्रस्ट के माध्यम से समूह इस त्रासदी से प्रभावित परिवारों के साथ दीर्घकालिक सहयोग और सहानुभूति जताने की दिशा में एक ठोस प्रयास कर रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!