May 1, 2026

पाकिस्तान की धमकी से वेस्टइंडीज दौरा संकट में, वनडे सीरीज रद्द करने की चेतावनी

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (CWI) के बीच आगामी दौरे को लेकर तनातनी बढ़ गई है। पाकिस्तान टीम को 1 से 12 अगस्त के बीच अमेरिका और कैरेबियाई द्वीपों में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन T20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी थी, लेकिन अब PCB ने वनडे मैच न खेलने की शर्त रख दी है। उसने साफ कहा है कि अगर शेड्यूल में बदलाव नहीं होता, तो वे दौरा रद्द कर सकते हैं।

पाकिस्तान चाहता है कि पूरी सीरीज सिर्फ T20I फॉर्मेट में खेली जाए, ताकि वह अगले साल फरवरी में भारत-श्रीलंका में होने वाले T20 वर्ल्ड कप की तैयारी कर सके। PCB का मानना है कि इस समय T20 क्रिकेट उनकी प्राथमिकता है और वनडे खेलने का कोई खास फायदा नहीं होगा। इसी वजह से उसने CWI से वनडे मैचों को हटाने की मांग की है।

वहीं, क्रिकेट वेस्टइंडीज इस मांग को मानने को तैयार नहीं है। CWI के सीईओ क्रिस डेहरिंग ने साफ कर दिया है कि शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं होगा। उनका कहना है कि बोर्ड पाकिस्तान से बातचीत कर रहा है, लेकिन तय कार्यक्रम के अनुसार ही सीरीज आयोजित की जाएगी।

वेस्टइंडीज टीम फिलहाल वनडे क्रिकेट को लेकर गंभीर है। 2023 वनडे वर्ल्ड कप में क्वालिफाई न कर पाने के बाद उसने 50 ओवर के फॉर्मेट पर फोकस बढ़ाया है। बोर्ड इस सीरीज को वनडे अभ्यास के रूप में देख रहा है और उसे रद्द नहीं करना चाहता।

अब दोनों टीमों के बीच गतिरोध बढ़ गया है और पूरे दौरे पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। यदि PCB अपनी जिद पर अड़ा रहा और CWI झुका नहीं, तो सीरीज रद्द हो सकती है, जिसका असर दोनों टीमों के शेड्यूल और तैयारी पर पड़ेगा।

शेड्यूल (अगर सीरीज होती है तो):

पहला T20: 1 अगस्त, लॉडरहिल

दूसरा T20: 3 अगस्त, लॉडरहिल

तीसरा T20: 4 अगस्त, लॉडरहिल

पहला ODI: 8 अगस्त, टरूबा

दूसरा ODI: 10 अगस्त, टरूबा

तीसरा ODI: 12 अगस्त, टरूबा

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!