May 1, 2026

सहारनपुर में 16 वर्षीय किशोर का शव पेड़ से लटका मिला, आत्महत्या नहीं हत्या की आशंका में गांव के पिता-पुत्र पर FIR

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बड़गांव थाना क्षेत्र के भटपुरा गांव में 16 वर्षीय किशोर आदित्य का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक अमरूद के पेड़ से लटका मिला। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और परिजनों ने साफ तौर पर हत्या का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक किशोर आदित्य सोमवार को अपने पिता को खेत में खाना देने गया था। पिता के मुताबिक, वह खाना देकर वापस घर लौटने के लिए निकला, लेकिन देर तक घर नहीं पहुंचा। उसी शाम गांव के एक व्यक्ति ने अपने खेत में अमरूद के पेड़ से लटका हुआ शव देखकर ग्रामीणों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण खेत में पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस घटना को लेकर ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि अमरूद का पेड़ काफी छोटा है, जिस पर लटककर आत्महत्या करना संभव नहीं है। इससे यह मामला आत्महत्या की बजाय सुनियोजित हत्या का प्रतीत होता है। परिजनों ने गांव के ही एक पिता और उसके बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है।

परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों की पुष्टि हो सके।

इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वह शांत नहीं बैठेंगे। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!