नवंबर से यमुना में दौड़ेगा क्रूज, दिल्ली को मिलेगा नया टूरिस्ट हॉटस्पॉट
दिल्लीवासियों के लिए जल्द ही यमुना नदी में क्रूज की सैर हकीकत बनने जा रही है। सरकार की योजना के तहत नवंबर 2025 से वजीराबाद से जगतपुर तक लगभग 8 किलोमीटर लंबे जलमार्ग पर आधुनिक क्रूज सेवा शुरू की जाएगी। इस रोमांचक यात्रा के लिए क्रूज को सोलर या बैटरी से संचालित किया जाएगा, जिससे यह पर्यावरण के अनुकूल भी होगा। यह कदम दिल्ली में पर्यटन को एक नया मुकाम देने और यमुना को जीवन्त बनाने की बड़ी कोशिश माना जा रहा है।
योजना के अनुसार, शुरुआत में दो क्रूज चलाए जाएंगे जिनमें 20 से 30 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। यात्रियों को वातानुकूलित वातावरण, बायो-टॉयलेट्स और सुरक्षा जैकेट जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। यह सेवा दिल्ली में घूमने-फिरने का एक नया और रोमांचक विकल्प बनकर उभरेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, किराया करीब 2000 से 2500 रुपये के बीच हो सकता है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इस प्रोजेक्ट को साकार करने के लिए पांच प्रमुख एजेंसियों ने एक साथ मिलकर काम शुरू किया है—भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI), दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली जल बोर्ड (DJB), दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम (DTTDC) और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग। इन सभी ने आपस में एमओयू साइन किया है ताकि नवंबर तक सेवा शुरू हो सके।
क्रूज रूट वजीराबाद बैराज (सोनिया विहार) से शुरू होकर जगतपुर (शनि मंदिर) तक जाएगा। पूरे मार्ग पर यमुना के किनारे सैर का नया अनुभव पर्यटकों को मिलने वाला है। विशेषज्ञ मानते हैं कि यह सेवा यमुना के सौंदर्य को तो बढ़ाएगी ही, साथ ही स्थानीय रोजगार, पर्यावरण जागरूकता और दिल्ली की पर्यटन छवि को भी नई दिशा देगी।
दिल्ली सरकार की यह पहल सिर्फ एक टूरिस्ट प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि यह यमुना को पुनर्जीवित करने की चुनावी वादा पूर्ति की दिशा में भी एक अहम कदम है। सरकार अब साफ संकेत दे रही है कि यमुना को सिर्फ साफ ही नहीं किया जाएगा, बल्कि उसे राष्ट्रीय राजधानी का गौरवपूर्ण हिस्सा भी बनाया जाएगा।
Share this content:
