April 30, 2026

अहमदाबाद विमान हादसा: साजिश की आशंका खारिज, चेतावनी को किया गया नजरअंदाज, शुरुआती जांच रिपोर्ट में तकनीकी खामी की संभावना

12 जून को अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अब इस हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की गई है। दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की रिपोर्ट शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात जारी की गई, जिसमें यह स्पष्ट किया गया है कि प्रारंभिक जांच में विमान में किसी साजिश या तोड़फोड़ के कोई सबूत नहीं मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, क्रैश के समय थ्रस्ट लीवर फॉरवर्ड पोजिशन में थे और फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘RUN’ मोड में पाया गया, जिससे संकेत मिलता है कि क्रैश से पहले इंजन को बंद नहीं किया गया था।

जांच में यह भी सामने आया है कि टेकऑफ के समय फ्लैप और लैंडिंग गियर की स्थिति पूरी तरह मानक के अनुरूप थी। हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि अमेरिका की फेडरल एविएशन अथॉरिटी (FAA) ने दिसंबर 2018 में फ्यूल कंट्रोल स्विच को लेकर एक चेतावनी जारी की थी, जिसमें कुछ विमानों में इसके लॉकिंग फीचर में गड़बड़ी की बात कही गई थी। FAA ने इसे गंभीर न मानते हुए कोई अनिवार्य निर्देश नहीं दिया था, और एयर इंडिया ने भी इस पर कोई विशेष जांच नहीं करवाई थी।

रिपोर्ट के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ VT-ANB विमान 2019 और 2023 में थ्रॉटल कंट्रोल मॉड्यूल बदल चुका था, लेकिन उसका संबंध फ्यूल कंट्रोल स्विच से नहीं था। हादसे के बाद से अब तक इस स्विच में किसी तकनीकी खामी की सूचना भी नहीं मिली थी। यानी अब तक कोई ठोस तकनीकी कारण नहीं बताया गया है, पर रिपोर्ट से इंजन की तकनीकी गड़बड़ी की ओर संकेत जरूर मिलते हैं।

एयर इंडिया ने इस दुर्घटना में मारे गए यात्रियों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा है कि वह प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद कर रही है और हादसे की जांच में नियामकों के साथ पूरी तरह सहयोग कर रही है। फिलहाल एयरलाइंस ने किसी तकनीकी विवरण पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए सभी सवाल AAIB को भेजने की अपील की है।

AAIB की यह रिपोर्ट अभी प्रारंभिक है और विस्तृत तकनीकी जांच जारी है, जो आने वाले दिनों में इस हादसे के असली कारणों पर और रोशनी डाल सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!