April 30, 2026

IND vs ENG: “देख ले नहीं तो फिर बोलेगा ध्यान नहीं था” – लाइव मैच में जडेजा की केएल राहुल को दो टूक चेतावनी, वायरल हुआ कमेंट

लॉर्ड्स टेस्ट में भारत और इंग्लैंड की टीमें भिड़ रही हैं, लेकिन मैदान पर सिर्फ गेंद और बल्ले का मुकाबला ही नहीं, खिलाड़ियों के बीच संवाद भी सुर्खियां बटोर रहा है। कुछ ऐसा ही हुआ जब रवींद्र जडेजा ने फील्डिंग के दौरान केएल राहुल को पुरानी गलती याद दिलाते हुए स्टंप माइक पर ऐसा कमेंट कर दिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुका है।

लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड की पारी के दौरान जडेजा गेंदबाजी कर रहे थे और केएल राहुल फील्डिंग में लगे थे। तभी जड्डू ने राहुल को सतर्क करते हुए चुटकी ली—”केएल, देख ले नहीं तो फिर बोलेगा ध्यान नहीं था!” यह बात कैमरे और स्टंप माइक में रिकॉर्ड हो गई, जिससे यह साफ हो गया कि भारतीय टीम में भी मैदान पर हल्के-फुल्के लेकिन सटीक तंज चल रहे हैं।

दरअसल, जडेजा का यह बयान सिर्फ एक मजाक नहीं था, बल्कि इसका सीधा संबंध एजबेस्टन टेस्ट से है, जहां केएल राहुल ने उनकी ही गेंद पर ब्रायडन कार्स का आसान कैच टपका दिया था। वह पल निर्णायक साबित हो सकता था और जडेजा तब से शायद इसे भूले नहीं हैं।

पहले टेस्ट में भारत की हार के बाद फील्डिंग की काफी आलोचना हुई थी और केएल की वो चूक आलोचकों के निशाने पर आ गई थी। लॉर्ड्स में जब एक बार फिर राहुल फील्डिंग के दौरान थोड़े सुस्त दिखे, तो जडेजा ने मौका नहीं छोड़ा और उन्हें टोक ही दिया।

गौरतलब है कि इंग्लैंड ने पहले दिन 4 विकेट पर 251 रन बनाए। रूट 99 रन और स्टोक्स 39 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत के लिए बुमराह, नितीश रेड्डी और जडेजा ने विकेट चटकाए, लेकिन गेंदबाजों को उम्मीद थी कि फील्डिंग से उन्हें थोड़ा और सपोर्ट मिलेगा।

जहां तक राहुल की बात है, बल्लेबाज़ी में वह अब तक इंग्लैंड दौरे पर शानदार रहे हैं। दो टेस्ट में एक शतक समेत उन्होंने 236 रन बनाए हैं। लेकिन अब सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या वह फील्डिंग में भी अपनी पकड़ मजबूत कर पाएंगे?

लॉर्ड्स टेस्ट का दूसरा दिन भारत के लिए निर्णायक हो सकता है और फील्डिंग की भूमिका इसमें बड़ी होगी। ऐसे में राहुल से ना केवल बल्ले बल्कि हाथों से भी बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!