ट्रंप के गोल्फ कोर्स के ऊपर घुसा अज्ञात विमान, F-16 फाइटर जेट ने खदेड़ा बाहर
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के न्यू जर्सी स्थित बेडमिंस्टर गोल्फ क्लब के ऊपर शनिवार को एक अज्ञात विमान ने अस्थायी रूप से प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में घुसपैठ कर दी। इस घटना के बाद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। तत्काल प्रतिक्रिया में अमेरिका के एफ-16 फाइटर जेट ने उस विमान को इंटरसेप्ट किया और इलाके से बाहर खदेड़ दिया। इस घटना ने ट्रंप की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं।
नॉर्थ अमेरिकन एयरोस्पेस डिफेंस कमांड (NORAD) ने इस घुसपैठ की पुष्टि की है। NORAD के मुताबिक यह घटना शनिवार दोपहर 2:39 बजे के आसपास हुई। बयान में बताया गया कि यह पिछले कुछ महीनों में इस क्षेत्र में हुई पांचवीं अनधिकृत घुसपैठ है। एफ-16 ने विमान का पीछा कर उसे प्रतिबंधित क्षेत्र से बाहर निकाल दिया। फिलहाल इस अज्ञात विमान की पहचान नहीं हो पाई है और मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद NORAD ने सभी पायलटों के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की है। उसमें चेतावनी दी गई है कि उड़ान भरने से पहले FAA के NOTAMs यानी ‘नोटिस टू एयरमेन’ जरूर जांचें। यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच पहले से ही तनाव का माहौल बना हुआ है।
गौरतलब है कि बीते महीने अमेरिका ने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों पर बमबारी की थी। इसके बाद ईरान के एक वरिष्ठ धार्मिक नेता ने राष्ट्रपति ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू को “अल्लाह का दुश्मन” बताते हुए उनके खिलाफ मौत का फतवा जारी किया था। इन हालातों के बीच ट्रंप के गोल्फ कोर्स के ऊपर अज्ञात विमान की घुसपैठ को अमेरिकी सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है।
Share this content:
