लखनऊ में 15 लोगों ने अपनाया फिर से हिंदू धर्म, घर वापसी कार्यक्रम में हवन-पूजन के साथ लिया संकल्प
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को एक विशेष ‘घर वापसी’ कार्यक्रम के तहत 15 लोगों ने इस्लाम छोड़कर पुनः हिंदू धर्म अपना लिया। यह आयोजन गोमती नगर स्थित शिव भोला मंदिर परिसर में विश्व हिंदू रक्षा परिषद की अगुवाई में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार हवन-पूजन कराया गया, और धर्म में वापसी करने वाले लोगों को त्रिपुंड और भगवा वस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। मंच से उन्होंने स्वयं यह स्वीकार किया कि पूर्व में उन्होंने निजी कारणों या लालचवश धर्म परिवर्तन किया था, लेकिन अब आत्मिक इच्छा और सामाजिक चेतना से प्रेरित होकर वापस सनातन धर्म में लौटे हैं।
घर वापसी करने वालों में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल थीं। इनमें मांडवी शर्मा, सोनू रानी, मालती, रीना, पल्लवी, हरजीत, संचित, राम नरेश मौर्या और नरेंद्र मिश्रा जैसे नाम प्रमुख हैं।
सभी ने सार्वजनिक घोषणा की कि वे अब पूर्ण रूप से सनातन परंपराओं के अनुसार जीवन यापन करेंगे और हिंदू धर्म की शिक्षाओं का पालन करेंगे।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे विश्व हिंदू रक्षा परिषद के क्षेत्रीय संयोजक पंडित आदित्यनाथ मिश्रा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य उन लोगों को उनके मूल धर्म में सम्मान सहित वापस लाना है, जो कभी मजबूरी या बहकावे में आकर दूसरे धर्मों को अपना चुके थे।
Share this content:
