April 30, 2026

यूपी: दो दिन से लापता इंटर छात्र की झाड़ियों में मिली लाश, सिर कुचला मिला, शराब की बोतलें और नाश्ता बरामद

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। सांगीपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर दखिनहन पुरवा गांव में शुक्रवार को 18 वर्षीय इंटरमीडिएट छात्र राज वर्मा का शव गांव के बाहर झाड़ियों में संदिग्ध हालत में मिला।

मृतक राज वर्मा इंटर (कक्षा 11) का छात्र था और दो दिन पहले अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी।

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को गांव के बाहर झाड़ियों में एक लाश दिखाई दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराई गई, तो वह राज वर्मा निकला। घटनास्थल से शराब की बोतलें, नमकीन और नाश्ते का सामान भी मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पहले छात्र को नशा कराया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।

शव की हालत बेहद डरावनी थी, उसका सिर बुरी तरह से कुचला हुआ था, जिससे साफ है कि हत्या बहुत ही नृशंस तरीके से की गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

राज की मौत ने पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अब उसके दोस्त और आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि इस रहस्यमयी हत्या की कड़ियाँ जोड़ी जा सकें।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!