लखनऊ में डेढ़ करोड़ का सोना लेकर फरार हुए जूलरी कारीगर, पांच सर्राफा व्यापारियों से ठगी का आरोप
लखनऊ के अमीनाबाद बाजार में जूलरी कारोबार से जुड़ा एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। पांच अलग-अलग सर्राफा व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि दो कारीगर – सुरेश कुमार रस्तोगी और श्याम बाबू रस्तोगी – उनसे करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य का सोना आभूषण बनाने के नाम पर लेकर फरार हो गए हैं।
इस मामले में पहला शिकायती पत्र अलीगंज सेक्टर-ई के रविंद्र गार्डेन निवासी राकेश रस्तोगी ने दर्ज कराया है, जिनकी अमीनाबाद की जूते वाली गली में ‘प्रयरिस’ नाम से जूलरी शॉप है। उनके अनुसार, 11 मई को दोपहर करीब 1:30 बजे कारीगर सुरेश कुमार 500 ग्राम सोना लेकर आभूषण बनाने के लिए दुकान से गया था और फिर वापस नहीं लौटा। लगातार संपर्क की कोशिशों के बावजूद उसका मोबाइल बंद मिला और जब पीड़ित उसके घर पहुंचे तो वहां भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
राकेश का कहना है कि आरोपी के परिवार वालों ने उन्हें गुमराह करने की कोशिश की और सही ठिकाना नहीं बताया। बाद में पता चला कि वही आरोपी अन्य तीन दुकानदारों – चंद्रमाती ज्वैलर्स, प्रदीप ज्वैलर्स और आरके ज्वैलर्स – से भी बड़ी मात्रा में सोना ले चुके हैं।
कुल मिलाकर आरोप है कि दोनों कारीगरों ने करीब 1 किलो 427 ग्राम सोना लेकर सभी दुकानदारों को चूना लगा दिया और फरार हो गए। अमीनाबाद थाने में इस पूरे मामले को लेकर संयुक्त शिकायत दर्ज कराई गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, लेकिन अब तक पीड़ित पक्ष की ओर से सोने के लेनदेन से जुड़ी कोई रसीद प्रस्तुत नहीं की गई है, जिससे कानूनी प्रक्रिया में कुछ बाधा आ रही है। हालांकि पुलिस इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से ले रही है और आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं।
Share this content:
