17 साल से वही घिसी-पिटी लव स्टोरी… फिर भी टीआरपी में टॉप पर! ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ पर क्यों नहीं थम रही दर्शकों की दीवानगी?
भारतीय टेलीविजन की दुनिया में जहां नए-नए कॉन्सेप्ट्स और वेब सीरीज जैसे प्लेटफॉर्म्स तेजी से उभर रहे हैं, वहीं एक पुराना टीवी शो आज भी दर्शकों के दिलों पर राज कर रहा है — और वह है ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’। राजन शाही का यह धारावाहिक साल 2009 से स्टार प्लस पर प्रसारित हो रहा है और आज 17 साल बाद भी इसकी पकड़ उतनी ही मजबूत बनी हुई है, जितनी पहले थी।
हालांकि, शो को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार यह आरोप लगता रहा है कि यह अब भी पुरानी, बोरिंग और बार-बार दोहराई जा चुकी लव स्टोरी को ही घुमा-फिराकर दिखा रहा है। लेकिन इसके बावजूद टीआरपी चार्ट पर यह लगातार टॉप 5 में बना हुआ है। ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो ने इस हफ्ते 2.1 मिलियन इंप्रेशन्स के साथ तीसरे नंबर पर जगह बनाई है — वो भी तब जब दर्शकों को इसकी कहानी में कोई नयापन नजर नहीं आ रहा।
हिना खान, करण मेहरा, शिवांगी जोशी, मोहसिन खान, प्रणाली राठौड़, हर्षद चोपड़ा से लेकर अब समृद्धि शुक्ला और रोहित पुरोहित तक — इस शो ने हर सीजन में नए चेहरों को मौका दिया, लेकिन स्क्रिप्ट वही पुरानी रही। दिलचस्प बात ये है कि जितना यह शो नए कलाकारों को लॉन्च करने के लिए जाना जाता है, उतना ही यह एक ही तरह की प्रेमकहानी दिखाने के लिए भी बदनाम है।
अब तक इस शो के चार सीजन आ चुके हैं। चौथे सीजन में समृद्धि शुक्ला और रोहित पुरोहित लीड रोल में नजर आ रहे हैं। शो में एक बार फिर वही क्लासिक प्रेम कहानी, पारिवारिक विरोध, बेवफाई और मेलोड्रामा को नए चेहरों के साथ दोहराया गया है। लेकिन यही रणनीति राजन शाही के लिए वरदान साबित हुई है।
दरअसल, मेकर्स ने दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए सीजन और एपिसोड के हिसाब से कंटेंट प्लान करना शुरू किया है। पुराने प्लॉट को नए चेहरों के साथ सजाकर परोसने की यह रणनीति काम कर गई और शो ने टीआरपी में बाजी मार ली।
‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ का फॉर्मूला भले ही कई लोगों को दोहराव और ठहराव से भरा लगे, लेकिन लाखों दर्शक आज भी इसे परिवार के साथ बैठकर देखना पसंद करते हैं। यही कारण है कि तमाम आलोचनाओं और मज़ाक उड़ने के बावजूद, यह सीरियल आज भी भारतीय टीवी की ‘रिश्तों’ की दुनिया का बेताज बादशाह बना हुआ है।
Share this content:
