CSK में धमाल मचाने के बाद डेवाल्ड ब्रेविस की साउथ अफ्रीका टीम में वापसी, टी20 इंटरनेशनल में फिर मिलेगा मौका
आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा बल्लेबाज़ डेवाल्ड ब्रेविस एक बार फिर से साउथ अफ्रीका की नेशनल टीम में लौट आए हैं। ब्रेविस को न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 त्रिकोणीय सीरीज के लिए टीम में चुना गया है। यह सीरीज आगामी टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज़ से बेहद अहम मानी जा रही है। ब्रेविस की वापसी इसलिए भी खास है क्योंकि वे सितंबर 2023 के बाद पहली बार साउथ अफ्रीका की टी20 इंटरनेशनल टीम में खेलते नजर आएंगे।
डेवाल्ड ब्रेविस ने 2023 में टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था, लेकिन उस साल ही उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मैच भी खेल लिया था। अब तक केवल दो इंटरनेशनल मुकाबलों में उन्होंने महज़ 5 रन बनाए हैं, लेकिन आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए किए गए प्रदर्शन ने उनकी किस्मत पलट दी। आईपीएल में ब्रेविस को रिप्लेसमेंट के तौर पर CSK में जगह मिली थी और उन्होंने केवल 6 मैचों में 255 रन बना डाले थे। उनका औसत लगभग 37 और स्ट्राइक रेट 180 से ऊपर रहा, जो किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए बेहद शानदार माना जाता है। इससे पहले वे मुंबई इंडियंस का भी हिस्सा रह चुके हैं लेकिन टीम द्वारा रिलीज़ किए जाने के बाद उन्होंने CSK के साथ नई शुरुआत की।
क्रिकेट विश्लेषकों का मानना है कि ब्रेविस को आईपीएल में मिले मौके और उनके दमदार प्रदर्शन ने ही साउथ अफ्रीका के सिलेक्टर्स को उन्हें दोबारा याद दिलाया और इस बार वे टीम में अपनी जगह पक्की करने के इरादे से लौटे हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि डेवाल्ड ब्रेविस इस लंबे इंतजार के बाद मिले मौके का फायदा कैसे उठाते हैं और क्या वे वर्ल्ड कप की मुख्य टीम में अपनी दावेदारी पेश कर पाएंगे या नहीं।
इस त्रिकोणीय सीरीज के लिए साउथ अफ्रीकी टीम की कप्तानी रासी वैन डेर डुसेन को सौंपी गई है। नियमित कप्तान एडन मारक्रम इस सीरीज में नहीं खेलेंगे, इसलिए कप्तानी की जिम्मेदारी वैन डेर डुसेन को दी गई है।
साउथ अफ्रीका की टीम इस प्रकार है:
रासी वैन डेर डुसेन (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, गेराल्ड कोएत्जी, रीजा हेंड्रिक्स, रुबिन हरमन, जॉर्ज लिंडे, क्वेना मफाका, सेनुरन मुथुसामी, लुंगी एनगिडी, नकाबा पीटर, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, एंडिले सिमेलाने।
Share this content:
