ऑफिस में घंटों बैठने से बिगड़ती सेहत का समाधान है माइक्रोवॉकिंग, जानिए इसके जबरदस्त फायदे
आज की तेज़ रफ्तार और व्यस्त जीवनशैली में ऑफिस में लंबे समय तक बैठकर काम करना सेहत के लिए हानिकारक साबित हो रहा है। इस स्थिति से निपटने के लिए ‘माइक्रोवॉकिंग’ एक बेहतरीन उपाय के रूप में उभर कर सामने आया है। माइक्रोवॉकिंग का मतलब है—काम के दौरान छोटे-छोटे ब्रेक लेकर कुछ मिनट पैदल चलना। यह तरीका खासकर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो समय की कमी के कारण नियमित रूप से वॉक या एक्सरसाइज नहीं कर पाते।
लंबे समय तक कुर्सी पर बैठना मोटापा, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और हार्ट संबंधी समस्याओं को न्योता दे सकता है। माइक्रोवॉकिंग के जरिए इस खतरे को कम किया जा सकता है। इसमें वॉक के लिए कोई निर्धारित समय नहीं होता—आप जब चाहें, जहां चाहें, दो से पांच मिनट तक टहल सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, किसी वर्चुअल मीटिंग के दौरान आप बैठने के बजाय खड़े होकर या चलते हुए मीटिंग कर सकते हैं। इससे न सिर्फ शरीर सक्रिय रहता है बल्कि मेटाबॉलिज़्म भी दुरुस्त होता है।
फिटनेस एक्सपर्ट्स का मानना है कि दिनभर में छोटे-छोटे वॉक सेशन्स जोड़कर भी अच्छा स्वास्थ्य हासिल किया जा सकता है। माइक्रोवॉकिंग से मांसपेशियों की अकड़न कम होती है, ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और मानसिक थकान से भी राहत मिलती है। जिन लोगों के लिए 10,000 कदम चलना संभव नहीं है, वे कम से कम हर घंटे में 2-5 मिनट की वॉक से भी काफी लाभ पा सकते हैं।
अगर आप भी ऑफिस में बैठे-बैठे थकान और आलस्य महसूस करते हैं या फिटनेस की कमी का अनुभव कर रहे हैं, तो आज से ही माइक्रोवॉकिंग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। यह बिना समय तय किए फिटनेस को बेहतर बनाने का आसान और प्रभावी तरीका है।
Share this content:
