April 28, 2026

“ऑपरेशन सिंदूर”: एक फिल्म की तरह शुरू हुई रियल कहानी, अब बन रही है रील स्टोरी!

6 मई की रात… एक गहरी खामोशी थी, लेकिन उसी रात भारतीय सेना ने वो कर दिखाया, जो हर भारतीय के दिल में जोश और गर्व भर दे। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए कायराना आतंकी हमले का जवाब भारत ने पाकिस्तान की सरहद के अंदर जाकर दिया। पाकिस्तान और PoK में मौजूद कई आतंकी ठिकानों को भारतीय वायुसेना ने निशाना बनाया और सब कुछ इतनी चुपचाप हुआ कि दुश्मन को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस साहसी और निर्णायक कार्रवाई को नाम दिया गया — “ऑपरेशन सिंदूर”

इधर यह ऑपरेशन खत्म हुआ, उधर बॉलीवुड में हलचल तेज हो गई। जैसे ही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की खबरें सामने आईं, फिल्ममेकर्स की रेस शुरू हो गई — कौन बनाएगा इस रियल मिशन पर फिल्म? किसके हाथ लगेगा ये दमदार टाइटल? जवाब ढूंढे जाने लगे। खबरों के मुताबिक, इस फिल्म टाइटल को रजिस्टर कराने के लिए कई बड़ी प्रोडक्शन कंपनियां फिल्म संगठनों के दफ्तरों में पहुंच गईं। सबसे आगे निकलकर आए प्रोड्यूसर महावीर जैन, जिनकी कंपनी ने सबसे पहले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का टाइटल रजिस्टर कराया।

इसके अलावा, जी स्टूडियोज और टी-सीरीज जैसी दिग्गज कंपनियां भी इस रेस में शामिल हैं। टी-सीरीज और जी स्टूडियोज तीसरे और चौथे नंबर पर टाइटल रजिस्ट्रेशन की लाइन में खड़ी बताई जा रही हैं। इतना ही नहीं, ‘चांदनी बार’ और ‘पेज 3’ जैसे सशक्त फिल्मों के निर्देशक मधुर भंडारकर ने भी इस टाइटल के लिए आवेदन किया है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर इंडस्ट्री में कितना क्रेज है।

बॉलीवुड पहले भी मिलिट्री ऑपरेशनों पर फिल्में बना चुका है —
‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’, ‘राज़ी’, ‘शेरशाह’, ‘बॉर्डर’, ‘लक्ष्य’, ‘आमरन’, ‘गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल’ जैसी फिल्में दर्शकों के दिलों में आज भी ज़िंदा हैं। हर बार जब देश पर हमला हुआ, बॉलीवुड ने उसे सेलुलॉइड पर सजाया और देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के साथ भी कुछ वैसा ही होने जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस ऑपरेशन पर फिल्म बनाने की मांग कर रहे हैं। कई यूज़र्स ने अपने पसंदीदा एक्टर्स को टैग कर फिल्म में लेने की मांग तक कर डाली।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि किसके हाथ लगती है ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की कमान। लेकिन इतना तय है — जो भी इसे बनाएगा, वह केवल एक फिल्म नहीं बनाएगा, बल्कि उस जज़्बे और बलिदान को पर्दे पर लाएगा, जो भारत के वीर सैनिकों ने पाकिस्तान की धरती पर उतर कर दिखाया।

“ऑपरेशन सिंदूर” — ये अब सिर्फ एक मिलिट्री मिशन नहीं, एक सिनेमा की कहानी बनने वाला है, जो हर भारतीय को फिर से गर्व से भर देगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!