April 24, 2026

“शादी की पहली ही सुबह दुल्हन बोली – ‘ऐ जी! कुछ खा लूं क्या…’ फिर स्टेशन से गायब होकर कर गई ऐसा कांड कि सब रह गए दंग”

राजस्थान के सुरेश झांझभार की जिंदगी में खुशी के पल ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए। एक तरफ वह नई दुल्हन संग सात फेरे लेकर जीवन की नई शुरुआत का सपना देख रहा था, वहीं दूसरी ओर उसे ये ज़रा भी अंदाज़ा नहीं था कि उसकी ये शादी धोखे की एक सुनियोजित स्क्रिप्ट थी, जिसमें वह खुद एक शिकार बन चुका है। झारखंड के गिरिडीह जिले में हुई ये शादी कुछ ही घंटों में टूट गई, जब दुल्हन शादी के अगले दिन 2 लाख रुपये नकद और कीमती जेवरात लेकर फरार हो गई।

घटना 2 मई की है, जब सुरेश की शादी गिरिडीह के फुलची गांव की 26 वर्षीय युवती से पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। शादी के अगले ही दिन सुरेश और उसका परिवार नई नवेली दुल्हन को लेकर राजस्थान लौटने की तैयारी में था। वे सभी पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे, तभी सुबह करीब 8 बजे दुल्हन ने कहा, “ऐ जी! कुछ खा लूं क्या…” और यह कहकर वह स्टेशन से बाहर निकल गई। लेकिन इसके बाद वह कभी वापस नहीं आई।

घंटों इंतज़ार करने के बाद जब न दुल्हन लौटी और न ही उसका मोबाइल फोन ऑन हुआ, तो सुरेश और उसके परिवार को शक हुआ कि कुछ गड़बड़ है। बाद में पता चला कि दुल्हन न सिर्फ गायब है, बल्कि सुरेश का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गई है।

इस सनसनीखेज धोखे के बाद सुरेश ने झारखंड के मुफ्फसिल थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि इस शादी के लिए उसने 2 लाख रुपये लड़की के परिवार को दिए थे, जिसमें दो दलालों की भूमिका सामने आई – मुकेश पासवान, जो बिहार से है और सुरेश का सहकर्मी बताया जा रहा है, तथा रिंकू पासवान जो गिरिडीह का निवासी है। इन दोनों ने ही यह रिश्ता तय कराया था।

पुलिस ने धोखाधड़ी और ठगी का मामला दर्ज कर लिया है और लड़की की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है और उसका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है।

मुफ्फसिल थाना प्रभारी ने बताया कि मामला गंभीर है और पुलिस की टीमें विभिन्न जगहों पर दबिश दे रही हैं। वहीं सुरेश और उसका परिवार इस धोखे से सदमे में है और न्याय की आस में दर-दर भटक रहा है।

क्या यह शादी महज़ एक जाल थी? क्या सुरेश किसी गिरोह का शिकार हुआ है? इन सवालों के जवाब तो जांच के बाद ही सामने आएंगे, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि शादी जैसे रिश्ते को भी अब कुछ लोग कैसे ठगी का ज़रिया बना रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!