ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी, मुकाबले पोमोना में खेले जाएंगे, जानिए शहर और मौसम से जुड़ी खास बातें
128 साल के लंबे इंतजार के बाद क्रिकेट एक बार फिर ओलंपिक खेलों का हिस्सा बनने जा रहा है। लॉस एंजिलिस में 2028 में होने वाले समर ओलंपिक में पहली बार क्रिकेट मुकाबले खेले जाएंगे और इसके लिए वेन्यू की घोषणा हो चुकी है। ओलंपिक में क्रिकेट के सभी मुकाबले अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में स्थित पोमोना शहर में खेले जाएंगे, जहां एक अस्थायी मैदान विशेष रूप से इन मुकाबलों के लिए तैयार किया जाएगा। पोमोना, लॉस एंजिलिस शहर से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित है और यह एक 500 एकड़ में फैला इवेंट कॉम्प्लेक्स है, जो 1922 से लॉस एंजिलिस काउंटी फेयर की मेजबानी करता आ रहा है।
ओलंपिक 2028 के खेल 14 जुलाई से 30 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे और क्रिकेट के मुकाबले भी इसी अवधि में होंगे। इन मुकाबलों के लिए बनाए जा रहे स्टेडियम पूरी तरह से अस्थायी होंगे और ओलंपिक शुरू होने से लगभग एक महीने पहले तैयार कर लिए जाएंगे। टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद इन्हें हटाया जाएगा। जुलाई के महीने में पोमोना का मौसम आमतौर पर सुहावना रहता है। दिन में तापमान औसतन 26 डिग्री सेल्सियस और रात को करीब 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास होता है, जो क्रिकेट मैचों के आयोजन के लिए अनुकूल माना जा रहा है।
ओलंपिक में क्रिकेट टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा, क्योंकि पूरे टूर्नामेंट की अवधि केवल 16 दिन की है और छह टीमों के बीच होने वाले मैचों को सीमित समय में पूरा करना जरूरी है। पिछली बार ओलंपिक में क्रिकेट 1900 में खेला गया था, जब ग्रेट ब्रिटेन और फ्रांस के बीच एक दो दिवसीय मुकाबला खेला गया था। उसके बाद से इसे कभी ओलंपिक में शामिल नहीं किया गया। अब 128 साल बाद एक बार फिर क्रिकेट को ओलंपिक का हिस्सा बनाकर इसे वैश्विक स्तर पर और लोकप्रिय बनाने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल ICC टी-20 टीम रैंकिंग में भारत पहले स्थान पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज क्रमशः दूसरे से पांचवें स्थान पर हैं। अमेरिका की टीम अभी 17वें स्थान पर है, लेकिन मेजबान देश होने के नाते उन्हें इस टूर्नामेंट में डायरेक्ट एंट्री मिलने की संभावना है। ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी न केवल इस खेल के इतिहास में एक बड़ा मोड़ है, बल्कि इसे दुनियाभर में नए आयामों तक पहुंचाने का एक सुनहरा अवसर भी माना जा रहा है।
Share this content:
