ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी से iPhone हो सकता है तीन गुना महंगा, कीमत पहुंच सकती है 3.5 लाख रुपये!
डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी ने वैश्विक बाजारों में खलबली मचा दी है। खासकर अमेरिका और चीन के बीच चल रहे ट्रेड वॉर का असर अब टेक्नोलॉजी सेक्टर पर भी पड़ता नजर आ रहा है। टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस नीति का सबसे बड़ा झटका Apple को लग सकता है और iPhone की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा जा सकता है।
3 गुना तक महंगा हो सकता है iPhone!
सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, Wedbush Securities के ग्लोबल टेक्नोलॉजी रिसर्च हेड डैन आइव्स ने चेतावनी दी है कि अगर Apple iPhone का उत्पादन अमेरिका में शुरू करता है, तो एक iPhone की कीमत करीब 3,500 डॉलर यानी लगभग 3.5 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। यह मौजूदा कीमत का तीन गुना होगा।
क्यों बढ़ेगी कीमत?
iPhone के महंगे होने की सबसे बड़ी वजह अमेरिका में उत्पादन की लागत है। डैन आइव्स के अनुसार, एशिया की मौजूदा सप्लाई चेन को अमेरिका में सेटअप करने में Apple को लगभग 30 अरब डॉलर खर्च करने होंगे। साथ ही, सिर्फ 10 प्रतिशत प्रोडक्शन को अमेरिका शिफ्ट करने में ही तीन साल का समय लग सकता है।
फिलहाल, iPhone के ज़्यादातर कंपोनेंट्स ताइवान, दक्षिण कोरिया और चीन में बनाए जाते हैं, और करीब 90% असेंबलिंग चीन में होती है। ट्रंप की रेसिप्रोकल टैरिफ पॉलिसी के तहत इन देशों से आने वाले प्रोडक्ट्स पर भारी शुल्क लगाया जा रहा है, जिससे Apple को लागत में जबरदस्त बढ़ोतरी का सामना करना पड़ सकता है।
Apple को शेयर बाजार में झटका
टैरिफ पॉलिसी और ट्रेड वॉर का असर Apple के शेयरों पर भी पड़ा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कारण Apple के शेयर्स में अब तक करीब 25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।
क्या उपभोक्ता झेलेंगे कीमत का बोझ?
अगर प्रोडक्शन अमेरिका में शिफ्ट होता है तो जाहिर है Apple इन बढ़ी हुई लागतों का बोझ उपभोक्ताओं पर डाल सकता है। यानी आने वाले समय में एक iPhone खरीदना आम उपभोक्ता की पहुंच से बाहर हो सकता है।
फिलहाल, बाजार इस अनिश्चितता से गुजर रहा है, और टेक वर्ल्ड की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि Apple इस चुनौती से कैसे निपटेगा और उपभोक्ताओं को क्या विकल्प देगा।
Share this content:
