June 10, 2026

टैरिफ पर नहीं बनी बात: ट्रंप से मिले नेतन्याहू, ईरान पर सैन्य कार्रवाई को बताया इकलौता विकल्प

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के दौरान इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान, गाजा, तुर्की और व्यापार टैरिफ जैसे मुद्दों पर चर्चा की। अमेरिका दौरे पर आए नेतन्याहू ने बैठक के बाद कहा कि ईरान के बढ़ते परमाणु खतरे को रोकने का एकमात्र समाधान सैन्य हस्तक्षेप है। उन्होंने कहा कि “बिना ठोस कार्रवाई के ईरान सिर्फ समय खींचता रहेगा, जैसा वह वर्षों से करता आया है।”

नेतन्याहू ने गाजा को लेकर ट्रंप के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने फिलिस्तीनियों को अन्य देशों में बसाने की बात कही थी। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल ऐसे देशों से बातचीत कर रहा है जो फिलिस्तीनियों को स्वीकार कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने सीरिया में तुर्की की सैन्य मौजूदगी को रोकने के लिए सख्त कदम जारी रखने की बात कही।

हालांकि टैरिफ को लेकर नेतन्याहू की कोशिशें नाकाम रहीं। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति से इजरायली उत्पादों पर लगे 17% टैरिफ को हटाने की मांग की, लेकिन ट्रंप ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अमेरिका टैरिफ हटाने पर विचार नहीं कर रहा। ट्रंप ने कहा, “कई देश हमसे बातचीत कर रहे हैं, लेकिन वे टैरिफ का भुगतान करेंगे।”

एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू के ऑफिस ने पिछले हफ्ते दावा किया था कि इजरायल अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ हटा रहा है, लेकिन यह रणनीति ट्रंप को प्रभावित नहीं कर सकी। हालांकि अमेरिका इजरायल के लिए एक अहम साझेदार बना हुआ है, लेकिन टैरिफ की यह बाधा इजरायल के प्रमुख उद्योगों को प्रभावित कर सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!